PM SHRI Digital HPC Registration: जिले के 23 पीएम श्री विद्यालयों में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों का डिजिटल एचपीसी (HPC) हर हाल में भरने को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निर्देश पर तीन अगस्त को डायट, थावे में सभी पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और नोडल शिक्षकों का एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा. प्रशिक्षण का उद्देश्य डिजिटल एचपीसी की प्रक्रिया को तेज करना और सभी विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करना है.
एससीईआरटी के निदेशक यतेन्द्र कुमार पाल ने जारी निर्देश में कहा है कि परख (PARAKH), नई दिल्ली की ओर से डिजिटल एचपीसी को लेकर पहले भी ऑनलाइन कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं. इसके बावजूद कई जिलों में विद्यार्थियों का पूर्ण पंजीकरण नहीं हो सका है. इसी स्थिति को देखते हुए अब जिला स्तर पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित कर अभियान को गति देने का निर्णय लिया गया है.
प्रशिक्षण के बाद तीन दिन में पूरा करना होगा लक्ष्य
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद अगले तीन दिनों के भीतर सभी पीएम श्री विद्यालयों के प्रत्येक छात्र-छात्रा का डिजिटल एचपीसी भरना अनिवार्य होगा. इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी समग्र शिक्षा अभियान (एसएसए) के डीपीओ करेंगे. साथ ही विद्यालयों को आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित समाधान भी कराया जाएगा, ताकि लक्ष्य समय पर पूरा हो सके.
सात अगस्त को होगी राज्यस्तरीय समीक्षा
एससीईआरटी ने सात अगस्त को सभी जिलों की प्रगति की राज्यस्तरीय समीक्षा तय की है. जिन जिलों में विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत डिजिटल एचपीसी पंजीकरण पूरा नहीं मिलेगा, उनकी अलग से समीक्षा की जाएगी और जवाबदेही भी तय की जा सकती है. इसे देखते हुए गोपालगंज के 23 पीएम श्री विद्यालयों के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करना बड़ी चुनौती माना जा रहा है.
प्रधानाध्यापकों और नोडल शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य
शिक्षा विभाग ने आदेश को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों और नोडल शिक्षकों को तीन अगस्त को आयोजित प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया है. विभाग ने कहा है कि प्रशिक्षण के बाद निर्धारित समय में सभी विद्यार्थियों का डिजिटल एचपीसी भरना सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्यस्तरीय समीक्षा में जिला बेहतर प्रदर्शन कर सके.
Also Read : गोपालगंज के इस स्कूल में छात्रों ने बनाया ड्रोन से जेट प्लेन तक, विज्ञान प्रदर्शनी में दिखी गजब की प्रतिभा
