गोपालगंज के फुलवरिया में 8.52 लाख से बना छठ घाट 9 महीने में धंसा, जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित

गोपालगंज के फुलवरिया प्रखंड में 15वें वित्त आयोग की राशि से बना छठ घाट मात्र नौ महीने में ही धंस गया. निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है. ग्रामीणों में चिंता है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो पूरा घाट नदी में समा सकता है.

Gopalganj News: गोपालगंज जिले के फुलवरिया प्रखंड के कोयलादेवा स्थित अमवा घाट पर 15वें वित्त आयोग की राशि से 8 लाख 52 हजार 800 रुपये की लागत से निर्मित छठ घाट महज नौ महीने में ही धंसकर क्षतिग्रस्त हो गया. पिछले वर्ष नवंबर में छठ महापर्व के दौरान उपयोग में आए इस घाट के बीचों-बीच बड़े पैमाने पर कटाव होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.

घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है. स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर क्षतिग्रस्त घाट का वीडियो साझा कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

प्रशासन ने गठित की तीन सदस्यीय जांच टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं. बीडीओ मनीष कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है. टीम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी शोभा कुमारी तथा मनरेगा प्रतिनिधि को शामिल किया गया है.

सूचना मिलने के बाद विभागीय जूनियर इंजीनियर (जेई) और पंचायत सचिव सुमन कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त घाट का निरीक्षण किया.

तकनीकी जांच के बाद होगी कार्रवाई

प्रखंड बीपीआरओ सुमि प्रिया ने बताया कि योजना की तकनीकी जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

मुखिया प्रतिनिधि ने बताया धंसने का कारण

मुखिया प्रतिनिधि रमेश सिंह ने बताया कि घाट के समीप निर्माणाधीन पुल के लिए बनाए गए वैकल्पिक मार्ग के कारण पानी का तेज बहाव छठ घाट की ओर मुड़ गया, जिससे कटाव हुआ और घाट का हिस्सा धंस गया.

उन्होंने कहा कि फिलहाल पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.

ग्रामीणों में चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते घाट की मरम्मत और सुरक्षा के आवश्यक उपाय नहीं किए गए तो पूरा छठ घाट नदी में समा सकता है. लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर घाट को सुरक्षित बनाने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >