पटना–थावे सवारी गाड़ी का शामकौड़िया व राजापट्टी स्टेशन पर ठहराव शुरू, हरी झंडी दिखा रवाना किया

पटना-थावे सवारी गाड़ी का शामकौड़िया और राजापट्टी रेलवे स्टेशनों पर प्रायोगिक ठहराव शुरू हो गया है. सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने इस सेवा का शुभारंभ किया. यह ठहराव क्षेत्र के यात्रियों के लिए आवागमन को आसान बनाएगा.

Patna–Thawe Passenger Train : बनियापुर 55515/55516 पटना–थावे–पटना सवारी गाड़ी का शनिवार को शामकौड़िया एवं राजापट्टी रेलवे स्टेशनों पर प्रायोगिक ठहराव शुरू हो गया. महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने बनियापुर विधायक केदारनाथ सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दोनों स्टेशनों पर हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का शुभारंभ किया.

यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

शामकौड़िया रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह ठहराव क्षेत्र के विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों एवं आम यात्रियों के लिए बड़ी सौगात है. इससे आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.

टिकट लेकर यात्रा करने की अपील

सांसद ने कहा कि रेलवे के विकास में आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने लोगों से टिकट लेकर यात्रा करने की अपील की और स्वयं अपने कार्यकर्ताओं के साथ शामकौड़िया स्टेशन के टिकट काउंटर से राजापट्टी तक का टिकट खरीदकर यात्रा की. उन्होंने कहा कि रेलवे को मजबूत बनाने में यात्रियों का सहयोग आवश्यक है, तभी रेलवे भविष्य में बेहतर आधारभूत संरचना, हाइड्रोजन ट्रेन और बुलेट ट्रेन जैसी आधुनिक सेवाएं उपलब्ध करा सकेगी.

रेलवे अधिकारियों ने जताई प्रतिबद्धता

अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और जनभावनाओं के अनुरूप सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है. इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विनीत कुमार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव, मंडल विद्युत इंजीनियर धर्मेंद्र यादव, सहायक मंडल इंजीनियर अरविंद कुमार राय, सहायक सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर अशोक कुमार, सहायक सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार, स्टेशन डायरेक्टर (छपरा) राजेश कुमार सहित रेलवे के कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

सांसद ने ट्रेन से किया सफर, राजापट्टी में भी हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम के बाद सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा शामकौड़िया से राजापट्टी तक इसी सवारी गाड़ी से यात्रा कर पहुंचे. राजापट्टी रेलवे स्टेशन पर विधायक केदारनाथ सिंह ने सांसद का स्वागत किया. इसके बाद आयोजित समारोह में सांसद ने रेलवे अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 55515/55516 पटना–थावे–पटना सवारी गाड़ी के प्रायोगिक ठहराव का शुभारंभ करते हुए हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया.

इसे भी पढ़ें:फुलवरिया में आज मॉडल स्कूल का होगा उद्घाटन, क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoranjan upadhyay

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >