Water Supply Disruption: पंचदेवरी प्रखंड में नल-जल योजना की बदहाल स्थिति को लेकर अब जनप्रतिनिधियों की नाराजगी भी सामने आने लगी है. प्रखंड के अधिकांश वार्डों में नियमित पानी की सप्लाइ नहीं होने का आरोप लगाते हुए पंच-सरपंच संघ ने व्यवस्था में सुधार की मांग की है. संघ के जिलाध्यक्ष बृज किशोर दुबे ने बीडीओ आयुष राज आलोक को आवेदन देकर सभी वार्डों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है.
उन्होंने चेतावनी दी है कि 5 सितंबर तक व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो प्रखंड मुख्यालय पर आंदोलन किया जायेगा.
128 में 100 से अधिक वार्डों में जलापूर्ति बाधित
संघ के अनुसार, पंचदेवरी की नौ पंचायतों में नल-जल योजना पर बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद ग्रामीणों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है. प्रखंड के कुल 128 वार्डों में से 100 से अधिक वार्डों में पानी की सप्लाइ बाधित होने का दावा किया गया है.
कई पंचायतों में एक भी वार्ड में नियमित जलापूर्ति नहीं होने की बात कही गयी है. इससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
विभाग की जिम्मेदारी बदलने के बाद भी स्थिति जस की तस
नल-जल योजना की व्यवस्था में सुधार के उद्देश्य से इसकी जिम्मेदारी पंचायत राज विभाग से पीएचइडी को सौंपी गयी थी. इसके बावजूद जलापूर्ति व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं.
संघ का आरोप है कि जिम्मेदारी बदलने के बाद भी ग्रामीणों की समस्या जस की तस बनी हुई है. कई जगह पानी की टंकियां और अन्य संसाधन मौजूद होने के बावजूद नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है.
प्रत्येक पंचायत में एक करोड़ से अधिक खर्च का दावा
संघ के जिलाध्यक्ष बृज किशोर दुबे ने बीडीओ को दिये आवेदन में कहा है कि नल-जल योजना के तहत प्रत्येक पंचायत में औसतन एक करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च की गयी है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में वार्डों में जलापूर्ति ठप रहना योजना के क्रियान्वयन और रखरखाव पर सवाल खड़ा करता है.
उन्होंने बीडीओ से शीघ्र पहल कर सभी वार्डों में नियमित पानी की सप्लाइ शुरू कराने की मांग की है.
5 सितंबर तक सुधार नहीं तो आंदोलन
पंच-सरपंच संघ ने कहा है कि यदि 5 सितंबर तक जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो प्रखंड मुख्यालय पर आंदोलन किया जायेगा. संघ का कहना है कि ग्रामीणों को नल-जल योजना का वास्तविक लाभ दिलाने के लिए विभाग को तत्काल प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है.
बोले बीडीओ
आयुष राज आलोक, बीडीओ, पंचदेवरी ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में पानी की सप्लाइ शुरू कराने के लिए संबंधित विभाग के स्थानीय पदाधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है. शीघ्र ही समस्या का समाधान हो जायेगा. प्रखंड के प्रत्येक वार्ड में पानी की सप्लाइ शुरू हो जायेगी.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
