बीस सूत्री बैठक में दलालों, यूरिया की कालाबाजारी और बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल, अधिकारियों ने दिए कार्रवाई के निर्देश

Gopalganj News : गोपालगंज प्रखंड कार्यालय में आयोजित बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर सदस्यों ने गंभीर सवाल उठाए. बैठक में दलालों की सक्रियता, यूरिया की कालाबाजारी और नल-जल योजना में अनियमितता जैसे मुद्दे छाए रहे.

Gopalganj News : प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अशोक प्रसाद गुप्ता ने की. बैठक शुरू होते ही विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर सदस्यों ने कई सवाल उठाए. अधिकारियों ने सभी शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.

प्रखंड और अंचल कार्यालय में दलालों की सक्रियता का आरोप

बैठक के दौरान भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष अनिल राय ने आरोप लगाया कि प्रखंड और अंचल कार्यालय में दलाल सक्रिय हैं. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से लगातार शिकायत मिल रही है कि कार्यालय परिसर में पहुंचते ही कुछ लोग काम कराने के नाम पर रुपये की मांग करने लगते हैं. राशन कार्ड बनवाने और अंचल से संबंधित कार्यों के लिए भी लोगों से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही हैं. इस पर बीडीओ आयुष राज आलोक और सीओ उमा कुमारी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया.

यूरिया की कालाबाजारी और नल-जल योजना पर उठे सवाल

पूर्व मुखिया एवं बीस सूत्री सदस्य चमचम श्रीवास्तव ने बैठक में यूरिया की कालाबाजारी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि किसानों को 400 से 450 रुपये प्रति बोरी की दर से यूरिया खरीदनी पड़ रही है. उन्होंने कालाबाजारी रोकने और सभी लाइसेंसी दुकानदारों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की. इस पर कृषि समन्वयक पंकज पांडेय ने बताया कि अब विभागीय कर्मियों की निगरानी में दुकानों पर यूरिया का वितरण कराया जाएगा. जदयू के जिला महासचिव एवं बीस सूत्री सदस्य अनुग्रह नारायण दुबे ने नल-जल योजना और स्ट्रीट लाइट लगाने में अनियमितता का मुद्दा उठाया. बैठक में डीलरों द्वारा कम राशन वितरण, बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण में अनियमितता के आरोप भी लगाए गए.

बैंक प्रबंधकों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

बैठक में स्टेट बैंक और सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधकों की अनुपस्थिति को लेकर सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की. सदस्यों ने आरोप लगाया कि दोनों बैंकों में उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है. एसबीआई शाखा प्रबंधक के व्यवहार को लेकर भी सदस्यों ने असंतोष जताते हुए कहा कि ग्राहकों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं.

शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी हुई चर्चा

बैठक में विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए. सदस्यों ने आरोप लगाया कि कुछ शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय नहीं पहुंचते हैं और शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है. प्रभारी बीईओ विकास कुमार ने कहा कि यदि लिखित एवं नाम सहित शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

बैठक के अंत में बीडीओ आयुष राज आलोक ने सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. बैठक में सीओ उमा कुमारी, बीसीओ विमलेश कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक गौरव कुमार, राघव मधेशिया, रोशन यादव, किरण देवी, जीविका के बीपीएम निरजेश कुमार वर्मा, दिनेश महतो, सूर्यदेव सिंह सहित बीस सूत्री समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे.

Also Read : तरैया में निजी विद्यालय का कर्कट तोड़कर चोरी, छह पंखे समेत कई सामान ले गए चोर



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajit dubey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >