Gopalganj News : राष्ट्रीय पोषण मिशन के तहत जिले में बुधवार को राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ हुआ. जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने पोषण रथ और आंगनबाड़ी सेविकाओं की ओर से तैयार पोषण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान लोगों को बच्चों और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया. पूरे माह आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पौष्टिक खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेंगी.
बच्चों और महिलाओं के पोषण पर रहेगा विशेष जोर
राष्ट्रीय पोषण माह का मुख्य उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और समुदाय के अन्य सदस्यों के पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार लाना है. अभियान के दौरान लोगों को संतुलित आहार लेने और भोजन में विभिन्न प्रकार के पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए जागरूक किया जायेगा. बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए सही पोषण की भूमिका भी बतायी जायेगी.
‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ बना अभियान का विषय
इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह का मुख्य विषय ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखा गया है. इसके तहत आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन को लेकर लोगों को जागरूक किया जायेगा. आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को ताजा और गर्म पका भोजन उपलब्ध कराने के साथ समुदाय की जिम्मेदारी बढ़ाने पर भी जोर रहेगा.
आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण के साथ प्रारंभिक गतिविधियों पर जोर
अभियान के दौरान बच्चों के बेहतर विकास के लिए पोषण के साथ प्रारंभिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जायेगा. आंगनबाड़ी सेविकाएं केंद्र स्तर के साथ घर-घर जाकर भी परिवारों को पोषण से जुड़ी जरूरी जानकारी देंगी. अभियान का उद्देश्य पोषण को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना है.
गर्भवती और धात्री महिलाओं को योजनाओं की दी जायेगी जानकारी
राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा. पात्र महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिलने वाले लाभ की जानकारी दी जायेगी. किशोरियों के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
जिला से आंगनबाड़ी केंद्र तक होंगे कई कार्यक्रम
आंगनबाड़ी केंद्र, परियोजना और जिला स्तर पर पूरे माह विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेंगी. पोषण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी. आंगनबाड़ी केंद्रों से लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से भी कार्यक्रम में भागीदारी दर्ज की गयी.
डीएम ने पोषण जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने पर दिया जोर
पोषण रथ और जागरूकता रैली के माध्यम से जिले के लोगों तक पोषण संबंधी संदेश पहुंचाया जायेगा. अभियान के दौरान बच्चों, महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य को लेकर समुदाय की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जायेगा.
कार्यक्रम में कई अधिकारी और आंगनबाड़ी कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में डीडीसी गौरव कुमार, आईसीडीएस डीपीओ रंजना कुमारी, डीआरडीए निदेशक राकेश कुमार चौबे, जिला पंचायती राज पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जिला समन्वयक एनएनएम सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
