Gopalganj News : नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) बिहार स्टेट काउंसिल की स्टेट कोर कमेटी की बैठक शनिवार की देर शाम थावे के एक होटल में आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता डॉ. प्रेमलता ने की. कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि के पूजन और माल्यार्पण के साथ हुई. नीमा गोपालगंज के सचिव डॉ. मृत्युंजय कुमार ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का स्वागत किया.
निष्क्रिय शाखाओं को सक्रिय करने पर जोर
बैठक में संगठन के सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. निष्क्रिय और कम सक्रिय शाखाओं को फिर से सक्रिय करने के लिए योजना बनाने पर सहमति बनी. नीमा बिहार के सचिव डॉ. आलोक कुमार ने इस संबंध में पुनर्गठन की योजना बैठक में प्रस्तुत की.
बैठक में संगठन की गतिविधियों को जिला और शाखा स्तर तक प्रभावी बनाने तथा सदस्यों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी सुझाव लिये गये.
आगामी जिला चुनाव की प्रक्रिया पर हुई चर्चा
स्टेट कोर कमेटी की बैठक में आगामी जिला चुनाव को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई. मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. अनिल कुमार सिंह ने चुनाव की प्रक्रिया और इसके लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी.
पदाधिकारियों ने चुनाव को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपन्न कराने और संगठनात्मक स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी करने को लेकर विचार-विमर्श किया.
हाई डेलीगेशन कमेटी और नीमा रत्न अवार्ड पर भी निर्णय
बैठक में नीमा हाई डेलीगेशन कमेटी के गठन के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गयी. इसके अलावा वर्ल्ड आयुर्वेद डे के अवसर पर वार्षिक नीमा रत्न अवार्ड आयोजित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया.
बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्यक्रमों को लेकर सदस्यों से सुझाव लिये गये तथा विभिन्न प्रस्तावों पर निर्णय किया गया.
पदाधिकारियों और सदस्यों ने रखे अपने सुझाव
बैठक में डॉ. अनिल विश्वकर्मा, डॉ. अब्दुल खबीर, डॉ. एसके यादव, डॉ. श्रीराम प्रजापति, डॉ. मिंटुल्लाह, डॉ. रमेश कुमार सिंह, डॉ. रीता वर्मा, डॉ. बिपिन बिहारी, डॉ. रितेश वर्मा, डॉ. एम. कुमार, डॉ. संजय कुमार सिंह, डॉ. उत्तम कुमार, डॉ. देवेंद्र पांडेय, डॉ. आरके श्रीवास्तव, डॉ. नीलय चंद्र राय, डॉ. अभितेश मिश्रा, डॉ. आरपी सिन्हा और डॉ. सहीदा बेगम सहित नीमा गोपालगंज के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर अपने सुझाव दिये. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ.
