NEET Student Death: गोपालगंज शहर के नगर थाना क्षेत्र के श्याम सिनेमा रोड स्थित किराये के मकान में NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा उजाला कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. छात्रा सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरेया पहाड़ गांव की रहने वाली थी और करीब एक साल से गोपालगंज शहर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी.
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस छात्रा के मोबाइल सहित घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है.
मोबाइल बंद होने पर परिजनों ने की तलाश
जानकारी के अनुसार, छात्रा का मोबाइल बंद मिलने के बाद परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की. संपर्क नहीं होने पर मकान मालिक से जानकारी ली गयी. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.
घटनास्थल की परिस्थितियों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. इसलिए पुलिस जांच पूरी होने से पहले मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष तक पहुंचना जल्दबाजी होगी की किस बजह मौत हुई हैं या फिर मामला कुछ और हैं.
मां ने कुछ युवकों पर परेशान करने का लगाया आरोप
छात्रा की मां ने अपनी बेटी की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि कुछ युवक उनकी बेटी को फोन कर परेशान करते थे. परिजनों ने पुलिस से इस पहलू की भी जांच करने की मांग की है.
हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से अभी पुष्टि नहीं की गयी है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
मोबाइल और डायरी की भी जांच
पुलिस छात्रा के मोबाइल में मौजूद जानकारी और घटना से पहले की गतिविधियों की जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से छात्रा की एक डायरी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है.
एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये हैं. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से मौत की परिस्थितियों को समझने में जानकारी मिल सकती है.
पुलिस ने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति होगी स्पष्ट
पुलिस के अनुसार, मामले की तहकीकात की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों के संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने दीजिए, इसके बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
