गोपालगंज: नवोदय में दाखिले के लिए शिक्षा विभाग का विशेष अभियान, 31 जुलाई तक करें आवेदन

गोपालगंज के मेधावी छात्रों को जवाहर नवोदय विद्यालय में दाखिले का अवसर मिल रहा है। शिक्षा विभाग ने नामांकन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अंतिम तिथि 31 जुलाई है, इसलिए योग्य छात्र जल्द आवेदन करें।

Gopalganj News : जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को जवाहर नवोदय विद्यालय में नामांकन का अवसर दिलाने के लिए शिक्षा विभाग ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है. डीइओ अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने जिले के सभी प्रखंडों के बीइओ को निर्देश दिया है कि प्रखंड के प्रत्येक प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय से अधिक से अधिक संख्या में विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण कराया जाए. इस वर्ष पिछले साल की तुलना में अधिक आवेदन सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

नवंबर में आयोजित होगी प्रवेश परीक्षा

डीइओ ने कहा है कि यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी के निर्देश तथा नवोदय विद्यालय समिति, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के आदेश के आलोक में की जा रही है. जवाहर नवोदय विद्यालय बलेसरा, गोपालगंज में कक्षा छह में नामांकन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है. वहीं, चयन प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित होगी.

स्कूलों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

शिक्षा विभाग ने सभी बीइओ को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर आवेदन प्रक्रिया को अभियान के रूप में चलाएं. विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को प्रवेश परीक्षा की जानकारी दी जाए और पात्र बच्चों का समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाए. डीइओ ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने में जवाहर नवोदय विद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका है. ऐसे में किसी भी योग्य छात्र का आवेदन छूटना नहीं चाहिए. आवेदन की प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी.

31 जुलाई अंतिम मौका

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की कोई सूचना नहीं है. इसलिए सभी विद्यालय समय रहते पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण पूरा कराएं. विभाग को उम्मीद है कि इस अभियान से जिले के अधिक से अधिक छात्र जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे और चयनित होकर बेहतर शैक्षणिक अवसर प्राप्त करेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Rajeev Kumar

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >