Gopalganj News: फुलवरिया प्रखंड कार्यालय परिसर के समीप स्थित स्वरोजगारी भवन का ताला तोड़कर गुरुवार की रात असामाजिक तत्व अंदर घुस गए. शुक्रवार सुबह भवन का ताला टूटा मिलने के बाद परिसर में हड़कंप मच गया.
अलमारी और रैक में रखे कागजात मिले बिखरे
घटना की जानकारी मिलने पर जब भवन को खोला गया, तो अंदर अलमारी और रैक में रखे महत्वपूर्ण कागजात व अन्य सामान बिखरे मिले.
आशंका जताई जा रही है कि शरारती तत्वों ने भवन में रखी फाइलों को खंगाला है. हालांकि प्रथम दृष्टया किसी कीमती सामान की चोरी की पुष्टि नहीं हुई है.
लंबे समय से बंद था स्वरोजगारी भवन
भवन संचालक देवनाथ राम ने बताया कि स्वरोजगारी भवन लंबे समय से बंद था. शुक्रवार को ताला टूटने की सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे, तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला.
उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है.
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
सरकारी परिसर में हुई इस घटना से लोगों में नाराजगी है. ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है.
