Bihar Board Exam Form: मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले जिले के छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि जारी कर दी है. जिले के 254 माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में रजिस्ट्रेशन करा चुके छात्र-छात्राओं का परीक्षा फॉर्म 25 अगस्त से 16 सितंबर तक भरा जायेगा.
स्कूल प्रधान के माध्यम से भरा जायेगा फॉर्म
बोर्ड के निर्देश के अनुसार छात्र-छात्राएं अपने स्तर से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म नहीं भर सकेंगे. मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा का फॉर्म संबंधित विद्यालय के प्रधान के माध्यम से ऑनलाइन भरा जायेगा. इसके लिए छात्रों को निर्धारित परीक्षा शुल्क भी जमा करना होगा.
डीइओ अमरेन्द्र कुमार पांडेय ने बताया कि परीक्षा फॉर्म भरने की पूरी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान के प्रधान की होगी. ऐसे में छात्रों को समय रहते विद्यालय पहुंचकर फॉर्म, शुल्क और जरूरी कागजात की जानकारी ले लेनी चाहिए.
फॉर्म की दो प्रतियां होंगी तैयार
इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 का ऑनलाइन फॉर्म निर्धारित पोर्टल के माध्यम से भरा जायेगा. वहीं, मैट्रिक परीक्षा का फॉर्म भी बोर्ड के निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन भरा जायेगा. विद्यालय की ओर से परीक्षा फॉर्म डाउनलोड कर छात्रों को दिया जायेगा.
छात्रों को फॉर्म की दो प्रतियां भरनी होंगी. एक प्रति विद्यालय में जमा होगी, जबकि दूसरी प्रति पर विद्यालय प्रधान के हस्ताक्षर, मुहर और तिथि अंकित कर छात्र को वापस कर दी जायेगी.
नाम और जन्म तिथि की जरूर करें जांच
फॉर्म भरने से पहले छात्र-छात्राओं को नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, जाति और चुने गये विषय समेत सभी जानकारियों का मिलान रजिस्ट्रेशन और प्रमाण पत्र से कर लेना चाहिए. किसी भी तरह की गलती मिलने पर तत्काल विद्यालय प्रधान को इसकी जानकारी देनी होगी, ताकि निर्धारित समय के भीतर सुधार कराया जा सके.
बोर्ड के अनुसार मोबाइल नंबर और ई-मेल आइडी दर्ज करना भी जरूरी है. छात्रों की फोटो और हस्ताक्षर भी बोर्ड के निर्धारित मानकों के अनुसार अपलोड किये जायेंगे.
16 सितंबर तक ही मिलेगा मौका
मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित की गयी है. इस अवधि में जिले के सभी रजिस्टर्ड छात्र-छात्राओं को अपने विद्यालय के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भरवाना होगा.
इसे भी पढ़ें:छात्रों से मिलने के बाद CM आवास पहुंचे चिराग पासवान, सम्राट चौधरी के सामने रखेंगे छात्रों की पूरी बात
