Gopalganj Road Accident : गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव के समीप बुधवार रात एनएच-27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार एक राजमिस्त्री की मौत हो गई. मृतक की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के सुपौली गांव निवासी 32 वर्षीय हरेंद्र दास के रूप में हुई है. वह मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे.
टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार
जानकारी के अनुसार पकड़ी गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने हरेंद्र दास की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया.
गोपालगंज की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
ग्रामीणों ने NH-27 किया जाम
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एनएच-27 जाम कर दिया. जाम के कारण बरहीमा से महम्मदपुर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा.
पुलिस ने समझाइश के बाद हटवाया जाम
घटना की जानकारी मिलने पर महम्मदपुर और सिधवलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. महम्मदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
शव पहुंचते ही घर में मचा कोहराम
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही हरेंद्र दास का शव उनके गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया.
पुलिस कर रही चालक की तलाश
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फरार वाहन और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है. आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.
Also Read : गोपालगंज की इस 13 किमी सड़क पर 73 जगह जलजमाव, थावे जाने वाले श्रद्धालु और ग्रामीण रोज झेल रहे परेशानी
