Married Woman's Death: फुलवरिया थाना क्षेत्र के कररिया ठाकुरई गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान गुंजन कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतका के पिता पन्नालाल साह के लिखित आवेदन पर पुलिस ने पति, सास और ससुर समेत पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है.
शादी के बाद कार की मांग करने का आरोप
मृतका के पिता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी पुत्री गुंजन की शादी कररिया ठाकुरई निवासी श्री नारायण साह के साथ अपनी सामर्थ्य के अनुसार की थी. शादी के दौरान करीब सात लाख रुपये के कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य सामान उपहार के रूप में दिये गये थे.
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे. पति श्री नारायण साह, ससुर प्रभुनाथ साह, सास विद्यावती देवी, भसुर श्री प्रकाश साह और उनकी पत्नी रानी देवी पर चार पहिया वाहन यानी कार की मांग करने का आरोप लगाया गया है.
मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट का आरोप
मृतका के पिता का आरोप है कि कार की मांग पूरी नहीं होने पर गुंजन के साथ लगातार गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी. परिवार के लोगों की ओर से कथित रूप से उसे प्रताड़ित किया जा रहा था.
आरोप लगाया गया है कि मंगलवार की रात करीब नौ बजे दहेज की मांग को लेकर ससुराल वालों ने गुंजन की हत्या कर दी.
शव को नदी किनारे ले जाने का आरोप
प्राथमिकी में मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को झरही नदी के पास ले जाकर जलाने का प्रयास किया गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की.
पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि मायके पक्ष से मिले लिखित आवेदन के आधार पर पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. थानाध्यक्ष ने जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की बात कही है.
जांच के बाद सामने आयेगा मौत का कारण
पुलिस पूरे मामले में प्राथमिकी में लगाये गये आरोपों की जांच कर रही है. घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विवाहिता की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
