गोपालगंज: मांझा थाना क्षेत्र के दानापुर गांव में पुलिस ने शनिवार की शाम गश्ती के दौरान कार्रवाई करते हुए 122 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया. पुलिस ने मौके से दुकानदार राम बढ़ाई साह को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से काले प्लास्टिक में रखी 59 छोटी पुड़िया बरामद हुईं. पुलिस के अनुसार, पुड़िया सहित मादक पदार्थ का कुल वजन 122 ग्राम है.
गुप्त सूचना पर दुकान में पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, संध्या गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि दानापुर गांव में एक व्यक्ति अपनी दुकान में शराब रखकर बिक्री कर रहा है. सूचना के सत्यापन के लिए थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ राम बढ़ाई साह की दुकान के पास पहुंचे.
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद दो-तीन लोग भागने लगे. इसी दौरान दुकान से निकलकर भाग रहे एक व्यक्ति को पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसकी पहचान दानापुर गांव निवासी बाडू साह के पुत्र राम बढ़ाई साह के रूप में हुई.
काले प्लास्टिक में मिलीं 59 पुड़िया
पुलिस ने नियमानुसार दुकान की तलाशी ली. तलाशी के दौरान काले प्लास्टिक में 59 पुड़िया मिलीं. पुड़िया खोलने पर उनमें गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया. डिजिटल तराजू से वजन करने पर बरामद पदार्थ का कुल वजन 122 ग्राम पाया गया. इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर लिया.
जादोपुर के युवक से खरीदने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ जादोपुर थाना क्षेत्र के छोटू महतो से खरीदकर लाता था और दुकान से उसकी बिक्री करता था.
मामले में मांझा थाना कांड संख्या के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
