Gopalganj News: बरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंजीत कुमार सिंह ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मांझा का निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं, दवा वितरण, जांच व्यवस्था तथा साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
मरीजों और परिजनों से की बातचीत
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.
उन्होंने कहा कि जहां भी सुधार की आवश्यकता होगी, वहां संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी.
व्यवसायियों के साथ बैठक में उठे स्थानीय मुद्दे
अस्पताल निरीक्षण के बाद विधायक ने मांझा बाजार में व्यवसायियों के साथ बैठक की. बैठक में व्यापारियों ने सड़क, जलनिकासी, बिजली, यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई समेत कई स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया.
समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
विधायक मंजीत कुमार सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि बरौली विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल, प्रखंड अध्यक्ष डॉ. योगेश प्रसाद, सरपंच व्यास मुनि शाही, लोजपा नेता ऋषि रंजन सिंह, अमरेन्द्र कुमार बारी, ललन प्रसाद पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
