गोपालगंज के विजयीपुर में नाबालिग के शोषण का आरोप, सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

विजयीपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक को नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करने और शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को करीब एक साल तक परेशान किया.

Vijayipur Minor Harassment Case: विजयीपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने तथा उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुदामाचक गांव निवासी रौशन गोड के रूप में हुई है. पूछताछ के बाद पुलिस ने बुधवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

करीब एक वर्ष से शोषण का लगाया आरोप

पीड़िता की मां द्वारा थाने में दिये गये आवेदन के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले आरोपी ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने झांसे में लिया और उसके साथ यौन अपराध किया. आरोप है कि इसी दौरान उसने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिये. इसके बाद इन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह कथित तौर पर पीड़िता को लगातार प्रताड़ित करता रहा.

पंचायत के बाद दोबारा धमकी देने का आरोप

परिजनों को मामले की जानकारी मिलने के बाद पंचायत भी हुई थी. आवेदन के अनुसार, पंचायत में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी थी. इसके बावजूद कुछ समय बाद उसने फिर से पीड़िता को धमकाया.

पीड़िता के उसके साथ जाने से इनकार करने पर आरोपी द्वारा उसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया गया है. परिजनों ने जब इस संबंध में आरोपी से पूछताछ की, तो कथित तौर पर उसने गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गया. साथ ही अलग-अलग सोशल मीडिया आईडी बनाकर आपत्तिजनक सामग्री और अधिक प्रसारित करने की धमकी देने का भी आरोप है.

सोशल मीडिया पोस्ट की पुलिस कर रही जांच

घटना से परेशान पीड़िता की मां ने विजयीपुर थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी रौशन गोड को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित की गयी आपत्तिजनक सामग्री के संबंध में भी जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गौतम कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >