Gopalganj News: जिले के थावे थाना क्षेत्र के गोपलामठ गांव से शुक्रवार को पारंपरिक श्रद्धा, उमंग और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गाजे-बाजे के साथ भव्य महावीरी अखाड़ा जुलूस निकाला गया. जुलूस के दौरान अखाड़ा दल में शामिल नवयुवकों, बुजुर्गों और बच्चों ने लाठी-डंडे और पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों के साथ अद्भुत शौर्य और कला कौशल का प्रदर्शन किया. पूरा जुलूस मार्ग 'जय बजरंग बली' और 'जय महावीर' के गगनभेदी जयकारों से गूंजता रहा.
गोपलामठ से निकला यह महावीरी अखाड़ा जुलूस निर्धारित रूट के अनुसार गोपालगंज-बड़हरिया मुख्य मार्ग से होते हुए गोपालगंज शहर में पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया.
चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे दंडाधिकारी और पुलिस जवान
महावीरी अखाड़ा जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे. थावे थानाध्यक्ष विभा कुमारी के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर (SI), असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) पवन कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी पूरे रास्ते मुस्तैद रहे. संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही ताकि विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी रहे.
थानाध्यक्ष विभा कुमारी ने बताया कि प्रशासनिक सतर्कता और स्थानीय ग्रामीणों व अखाड़ा समिति के सहयोग से महावीरी अखाड़ा जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और गरिमामय माहौल में संपन्न हो गया.
