Gopalganj News : श्रीपुर थाना क्षेत्र के माधोमठ गांव में ग्रामीण सड़क पर बनी पुलिया हालिया बारिश के बाद अचानक क्षतिग्रस्त हो गयी. पुलिया का ढांचा टूटने से मुख्य मार्ग पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही प्रभावित हो गयी है. इससे स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है.
बारिश के पानी के तेज बहाव से बिगड़ी पुलिया की हालत
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी. वे इसके मरम्मत और नये निर्माण की मांग लगातार करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका. हालिया बारिश के दौरान पानी के तेज बहाव से पुलिया का ढांचा और कमजोर हो गया, जिसके बाद आवागमन पर गंभीर असर पड़ा है.
गांव का संपर्क आसपास के इलाकों से हुआ प्रभावित
पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण माधोमठ गांव के लोगों को आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने में परेशानी हो रही है. सबसे अधिक दिक्कत किसानों, राहगीरों और स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि जल्द वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गयी तो परेशानी और बढ़ सकती है.
विधायक रामसेवक सिंह ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
पुलिया क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर मंगलवार को स्थानीय विधायक रामसेवक सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिया की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं.
जल्द डायवर्जन और नयी पुलिया का प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश
विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर बात की. उन्होंने लोगों को तत्काल राहत देने के लिए जल्द से जल्द डायवर्जन तैयार कराने का निर्देश दिया. साथ ही नयी पुलिया के निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके.
