Gopalganj News: जिले के कुचायकोट प्रखंड के बथानाकुट्टी से श्रद्धालुओं का एक भव्य कांवरिया जत्था बाबा धाम (देवघर) के लिए रवाना हुआ. यूपी सीमा पर स्थित ऐतिहासिक बाबा दोनाशुक्ल मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजा के बाद 51 कांवरियों का यह दल क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ देवघर के लिए प्रस्थान कर गया. रवानगी के दौरान पूरा माहौल 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से गुंजायमान हो उठा. श्रद्धालुओं ने बताया कि वे सुलतानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल भरकर बाबा वैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे.
जत्थे में शामिल रहे दर्जनों शिवभक्त, ग्रामीणों में उत्साह
बाबा धाम जाने वाले इस 51 सदस्यीय जत्थे में मुख्य रूप से आनंद ओझा, सत्येंद्र कुमार नागा, मनोज साह, सुनील ओझा, रूपेश पांडेय, बिपिन प्रसाद, सुनील साह, निखिल कुमार, संजय राय, मनोहर राय सहित क्षेत्र के दर्जनों शिवभक्त शामिल हैं. कांवरिया यात्रा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
