गोपालगंज जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में छात्राओं के नामांकन, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. शिक्षा विभाग सभागार में प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा विभाग के डीपीओ शिवम ने सभी केजीबीवी की प्रधानाध्यापक-सह-संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक में नामांकन, सीसीटीवी कैमरे, छात्रावास की व्यवस्था, रंग-रोगन, चारदीवारी और सुरक्षा व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की गई.
एक सप्ताह में हो नामांकन
विभिन्न मामलों में प्रगति धीमी मिलने पर डीपीओ ने तय समय के भीतर सभी कार्य पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया है. बैठक में सभी विद्यालयों को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत नामांकन पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है. विशेष रूप से भोरे, सिधवलिया और मांझा प्रखंड में दिव्यांग वर्ग की 25 बच्चियों का हर हाल में नामांकन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है. डीपीओ ने कहा कि कोई भी पात्र बच्ची शिक्षा से वंचित नहीं रहनी चाहिए.
सीसीटीवी बंद होने पर कार्रवाई
छात्राओं की पुख्ता सुरक्षा को लेकर डीपीओ ने सभी विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू रखने का सख्त निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि औचक निरीक्षण के दौरान यदि कैमरे बंद मिले, तो संबंधित प्रधानाध्यापक-सह-संचालक के खिलाफ सीधी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही छात्राओं से जुड़े सभी आवश्यक रिकॉर्ड को अद्यतन रखने और नियमित गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
13 से होगी टीबी जांच
बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं की चर्चा करते हुए बताया गया कि 13 जुलाई से केजीबीवी में रह रहीं सभी छात्राओं की टीबी की विशेष जांच की जायेगी. इसके साथ ही विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं, पढ़ाई और सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक आकलन भी किया जायेगा. साथ ही सभी विद्यालयों में रंग-रोगन, विशेषकर मुख्य भवन के सामने के हिस्से को व्यवस्थित करने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
Also Read: गोपालगंज में बाजार जाते समय गंडक नहर में गिरा युवक, एक दिन बाद मिला शव
