गोपालगंज के कटेया में बीस सूत्री की बैठक, राशन, यूरिया, बिजली और स्वच्छता का मुद्दा उठा

कटेया प्रखंड मुख्यालय में हुई बीस सूत्री बैठक में जनसमस्याओं को लेकर हंगामा हुआ. सदस्यों ने गांवों की सफाई, राशन कटौती, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और बिजली की कमी जैसे मुद्दों पर अधिकारियों से जवाब मांगा. बैठक में किसानों के लिए यूरिया की उपलब्धता और दाम पर भी चर्चा हुई.

Kataya Public Issues: कटेया प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को आयोजित बीस सूत्री की बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष सवाल उठाये. बैठक में गांवों में स्वच्छता व्यवस्था की बदहाली, गरीबों को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं मिलने, स्वच्छता कर्मियों के समय पर भुगतान नहीं होने, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और विकास योजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध नहीं होने सहित कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

गांवों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

बैठक में सदस्यों ने कहा कि कई गांवों में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है और घरों से निकलने वाले कचरे का उठाव भी व्यवस्थित तरीके से नहीं किया जा रहा है. स्वच्छता कर्मियों को समय पर भुगतान नहीं मिलने का मामला भी उठाया गया.

सदस्यों ने गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने और कचरा उठाव की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.

राशन में कटौती का मामला उठा

राशन वितरण में भी गड़बड़ी का मुद्दा बैठक में उठाया गया. सदस्यों ने गरीब लाभुकों को मिलने वाले राशन में कथित कटौती का मामला अधिकारियों के समक्ष रखा.

सदस्यों ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर लाभुकों को निर्धारित पांच किलो की जगह चार किलो ही राशन दिया जा रहा है. इस मामले की जांच कराकर लाभुकों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने की मांग की गयी.

सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग

विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र समेत अन्य सरकारी भवनों के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा. सदस्यों ने सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की, ताकि विकास योजनाओं के लिए जमीन उपलब्ध करायी जा सके.

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गयी.

कटेया बाजार में जाम की समस्या का मुद्दा उठा

कटेया बाजार में लगातार बनी रहने वाली जाम की समस्या पर भी सदस्यों ने चर्चा की. बाजार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाकर लोगों को जाम से निजात दिलाने की मांग की गयी.

यूरिया की उपलब्धता और अधिक कीमत पर भी चर्चा

किसानों के लिए यूरिया की उपलब्धता और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया मिलने का मामला भी बैठक में उठाया गया. सदस्यों ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराने और अधिक कीमत वसूली पर रोक लगाने की मांग की.

दलित बस्ती में बिजली पहुंचाने की मांग

बैठक में शीतल मठ स्थित दलित बस्ती में बिजली की समस्या का मामला भी सामने आया. सदस्यों ने बताया कि बस्ती के आधे हिस्से में अब तक बिजली नहीं पहुंची है. इस समस्या का जल्द समाधान कर सभी घरों तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की गयी.

बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष नंदलाल मौर्य ने की. मौके पर विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र द्विवेदी, बीस सूत्री सदस्य राहुल रंजन पाठक, श्रीप्रकाश मिश्रा, उदयभान मिश्रा, प्रखंड विकास पदाधिकारी अर्चना कुमारी, अंचलाधिकारी सुजाता राज, बीपीआरओ दीपशिखा कुमारी, आरओ तारकेश्वर नाथ पांडेय सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: मंत्रियों के काफिले संग थावे पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मां सिंहासनी के चरणों में टेका माथा, अधिकारियों को दिए खास निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >