गोपालगंज में नेशनल क्लब ऑफ मीडिया की बैठक, पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य और जीवन बीमा की उठी मांग

नेशनल क्लब ऑफ मीडिया की गोपालगंज इकाई ने बरौली हाइस्कूल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की. इस बैठक में पत्रकारों के समक्ष आ रही चुनौतियों, उनकी सुरक्षा और बेहतर कार्य माहौल जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा हुई. बैठक में पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य और जीवन बीमा की प्रभावी व्यवस्था करने की पुरजोर मांग उठाई गई.

Gopalganj News : नेशनल क्लब ऑफ मीडिया की गोपालगंज अनुमंडलीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को बरौली हाइस्कूल में आयोजित की गयी. बैठक में पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों, मीडियाकर्मियों की समस्याओं, सुरक्षा और उनके हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी. वक्ताओं ने पत्रकारों के लिए सुरक्षित और बेहतर कार्य माहौल उपलब्ध कराने की जरूरत बतायी.

पत्रकारों की सुरक्षा और सुविधाओं पर हुई चर्चा

बैठक की शुरुआत अनुमंडल अध्यक्ष रामानुज प्रसाद, महासचिव संजय तिवारी शांडिल्य और थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर की. इस दौरान देश-विदेश के साथ स्थानीय स्तर पर काम कर रहे मीडियाकर्मियों के हितों की रक्षा और उनके कार्यक्षेत्र को सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया गया.

वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्रनाथ उपाध्याय और प्रमोद तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों को सामाजिक, आर्थिक और सुरक्षा से जुड़ी कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ मीडियाकर्मियों के लिए स्वास्थ्य और जीवन बीमा की उचित व्यवस्था करने की मांग रखी.

डिजिटल दौर में विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर

बैठक में मनोज राय ने डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा करते हुए पत्रकारिता में विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने की आवश्यकता बतायी. उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य में तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्ष प्रस्तुति पत्रकारिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.

थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने पत्रकारों से कहा कि पुलिस के कामकाज की अच्छाइयों के साथ कमियों को भी सामने लाया जाये. उन्होंने कहा कि पत्रकार उनकी कमियों को उजागर करेंगे तो उन्हें अपनी गलतियों को पहचानने और उनमें सुधार करने का अवसर मिलेगा. इससे थाना क्षेत्र में बेहतर माहौल बनाने में मदद मिलेगी.

पदाधिकारियों ने थानाध्यक्ष को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल अध्यक्ष की ओर से थानाध्यक्ष मनीष कुमार को सम्मानित किया गया. वहीं थानाध्यक्ष ने वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद तिवारी और रामानुज प्रसाद समेत अन्य पत्रकारों को बुके और कलम देकर सम्मानित किया.

बैठक के समापन पर नेशनल क्लब ऑफ मीडिया के पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित सदस्यों और अतिथियों के प्रति आभार जताया. संगठन की ओर से कहा गया कि पत्रकारों के अधिकारों और हितों की रक्षा के साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा.

बैठक में ये पत्रकार रहे मौजूद

बैठक में सिधवलिया से शुभ नारायण और पवन अग्रवाल, मांझा से अखिल कुमार और राजेश श्रीवास्तव, थावे से चितरंजन उपाध्याय, गौतम सिंह, विनोद गुप्ता और प्रदीप श्रीवास्तव, कुचायकोट से राजेश पांडेय, रामानुज प्रसाद, मनोज राय और संतोष पाठक तथा बरौली से विनोद कुमार सिंह, केशव उपाध्याय सहित अनुमंडल क्षेत्र के कई पत्रकार मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >