Loot of Jewelry: बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा गांव के समीप शुक्रवार की रात ज्वेलरी एवं बर्तन दुकानदार से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूटकर बदमाश फरार हो गए. वारदात के दौरान अपराधियों ने कट्टा से फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी और घटना के बाद पूरब दिशा की ओर फरार हो गए. पीड़ित दुकानदार दिघवा गांव निवासी धनंजय कुमार साह ने शनिवार को अज्ञात अपराधियों के खिलाफ बैकुंठपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने बाइक को घेरा
दर्ज शिकायत के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे धनंजय कुमार साह अपनी दुकान बंद कर पिता सवाली साह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. जैसे ही दोनों दिघवा गांव के समीप पहुंचे, दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. अपराधियों ने पहले दोनों के साथ मारपीट की और फिर बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखा बैग निकाल लिया.
बैग में रखे थे सोने-चांदी के आभूषण
पीड़ित के अनुसार, बैग में लाखों रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण रखे थे. अपराधी बैग लेकर मौके से फरार हो गए. लूटपाट के दौरान बदमाशों ने कट्टा से फायरिंग भी की, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गयी और लोगों में दहशत फैल गयी.
घटना के बाद पूरब दिशा की ओर भागे अपराधी
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी पूरब दिशा की ओर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल के आसपास अपराधियों के भागने के रास्ते और अन्य संभावित सुरागों की जांच कर रही है.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
बैकुंठपुर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
घटना से व्यवसायियों में बढ़ी चिंता
घटना के बाद दुकानदार और उनके परिजन दहशत में हैं. वहीं स्थानीय व्यवसायियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. व्यवसायियों ने पुलिस से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
