gopalganj news : स्पष्टीकरण देने पहुंचे सैकड़ों शिक्षक, शिक्षा कार्यालय में अफरातफरी
gopalganj news : इ-शिक्षाकोष पर गड़बड़ी पर सख्ती के बाद जिला शिक्षा कार्यालय में उमड़ी शिक्षकों की भीड़, 5639 शिक्षकों की संदिग्ध उपस्थिति पर डीइओ ने किया था जवाब-तलब
gopalganj news : स्पष्टीकरण देने पहुंचे सैकड़ों शिक्षक, शिक्षा कार्यालय में अफरातफरी
gopalganj news : गोपालगंज. इ-शिक्षाकोष में उपस्थिति गड़बड़ी को लेकर शिक्षा विभाग की सख्ती के बाद सोमवार को जिला शिक्षा कार्यालय में शिक्षकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. स्पष्टीकरण जमा करने के लिए बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिका और प्रधानाध्यापक पहुंचे, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया.
कार्यालय में शुरुआत में कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से शिक्षकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कर्मचारी सभागार के बाहर खड़े होकर आवेदन लेते नजर आये. भीड़ बढ़ने के साथ अव्यवस्था भी बढ़ती गई. बाद में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काउंटर बनाकर आवेदन लिया जाने लगा, तब जाकर व्यवस्था कुछ हद तक सामान्य हो सकी. गौरतलब है कि इ-शिक्षाकोष पोर्टल के एक दिन के आंकड़ों में 5639 शिक्षकों की उपस्थिति संदिग्ध पायी गयी थी. इनमें बड़ी संख्या में शिक्षक ””ऑन ड्यूटी””, अनुपस्थित और विलंब से आने की श्रेणी में दर्ज किये गये. इसे गंभीरता से लेते हुए डीईओ योगेश कुमार ने सभी संबंधित शिक्षकों से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है.
तकनीकी गड़बड़ी का शिक्षकों ने उठाया मुद्दा
स्पष्टीकरण देने पहुंचे कई शिक्षकों ने अपनी समस्याएं भी रखीं. उनका कहना था कि कई मामलों में पोर्टल की तकनीकी गड़बड़ी के कारण सही उपस्थिति के बावजूद ””अनुपस्थित”” दिखा रहा है. कुछ शिक्षकों ने बताया कि वे जनगणना कार्य के लिए प्रखंड स्तर पर गए थे, लेकिन उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी. कई शिक्षकों ने यह भी कहा कि इ-शिक्षाकोष पर उपस्थिति दर्ज करने में अक्सर तकनीकी दिक्कतें आती हैं. समय पर विद्यालय पहुंचने के बावजूद नेटवर्क समस्या या सिस्टम की धीमी गति के कारण एक-दो घंटे बाद हाजिरी लग पाती है. बहरहाल, डीइओ ने स्पष्ट किया है कि समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधितों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जायेगी. इसमें वेतन पर रोक समेत अन्य कड़े कदम उठाये जा सकते हैं. विभाग की इस सख्ती के बाद शिक्षकों में हलचल तेज हो गयी है और अब वे उपस्थिति को लेकर अधिक सतर्क नजर आ रहे हैं.
स्पष्टीकरण प्रक्रिया में बदलाव, अब बीआरसी में ही जमा होगा शिक्षकों का जवाब
इ-शिक्षाकोष पोर्टल पर उपस्थिति में गड़बड़ी और लापरवाही के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्ती तेज कर दी है. जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा शिक्षकों से मांगे गए स्पष्टीकरण को लेकर अब नयी व्यवस्था लागू की गयी है. भीड़ की स्थिति को देखते हुए डीइओ योगेश कुमार ने निर्देश दिया है कि शिक्षक अपना स्पष्टीकरण जिला शिक्षा कार्यालय में नहीं, बल्कि अब अपने-अपने प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में ही जमा करेंगे. बड़ी संख्या में शिक्षकों के एक साथ जिला मुख्यालय पहुंचने से भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन गयी थी. इसे देखते हुए विभाग ने यह निर्णय लिया है, ताकि प्रक्रिया आसान और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके.
बीइओ को मिली अहम जिम्मेदारी
सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीइओ) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने प्रखंड में शिक्षकों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर उसे सूचीबद्ध करें और समय पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें. इसके साथ ही उन्हें विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित और समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया गया है. विभाग ने साफ कर दिया है कि अब स्कूलों में पठन-पाठन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी की जायेगी. किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित शिक्षक या प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. नये आदेश के बाद शिक्षकों में हलचल बढ़ गयी है और सभी समय पर अपना स्पष्टीकरण जमा करने की तैयारी में जुट गये हैं. विभाग के इस कदम को शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.