चार कमरों में 555 छात्रों की हो रही थी पढ़ाई, अब दो शिफ्ट में चलेगी क्लास, जानिए क्या है समय-सारणी

Gopalganj School Timings : हथुआ के सिंगहा टोला बगहीं विद्यालय में सिर्फ चार ही कमरे हैं, जिसमे मध्य विद्यालय व उच्चत्तर माध्यमिक स्कूल का संचालन हो रहा था. अब विभाग ने दोनों स्कूलों की समय सारणी में बदलाव किया है. पढ़िए पूरी खबर नीचें.

गोपालगंज से विकास दुबे की रिपोर्ट
Gopalganj School Timings : गोपालगंज के हथुआ प्रखंड के सिंगहा टोला बगहीं स्थित विद्यालय में कमरों की भारी कमी का मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा विभाग एक्शन में आ गया है. एक ही परिसर में संचालित मध्य विद्यालय और उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में महज चार कमरों में 555 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई कराई जा रही है. जगह की कमी के कारण नियमित कक्षाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है. मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद डीईओ ने तत्काल प्रभाव से दोनों विद्यालयों को दो शिफ्ट में संचालित करने का आदेश जारी कर दिया है.

प्रधानाध्यापक की रिपोर्ट के बाद विभाग ने लिया फैसला

उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने शिक्षा विभाग को भेजी रिपोर्ट में बताया कि कमरों की कमी के कारण सभी कक्षाओं का संचालन निर्धारित समय पर कराना संभव नहीं हो रहा है. एक ही भवन में दो विद्यालय चलने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी. रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की समीक्षा की और नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया.

अब सुबह और दोपहर की अलग-अलग होगी पढ़ाई

जारी आदेश के अनुसार बताया गया कि मध्य विद्यालय का संचालन सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक होगा. इसके बाद शिक्षकों की बैठक आयोजित होगी. वहीं उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में प्रार्थना सभा दोपहर 12:20 बजे से शुरू होगी और कक्षाएं शाम 5 बजे तक संचालित की जाएंगी. दोनों विद्यालयों के लिए अलग-अलग समय-सारिणी तय किए गए हैं.

अतिरिक्त कमरे बनने तक लागू रहेगी व्यवस्था

शिक्षा विभाग ने दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नई व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है. विभाग का कहना है कि अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था होने तक स्कूल दो शिफ्ट में ही संचालित होंगे, ताकि कमरों की कमी के बावजूद छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो और सभी कक्षाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जा सके.

इसे भी पढ़ें. Gopalganj news : जानें मॉडल सदर अस्पताल के ओपीडी व इमरजेंसी में कौन होंगे डॉक्टर



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >