Gopalganj News : हथुआ नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर मंगलवार को अनुमंडल परिसर स्थित नगर पंचायत कार्यालय के सामने धरना दिया. जिला पार्षद रामदर्शन प्रसाद उर्फ मुन्ना किन्नर के नेतृत्व में सफाई कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. कर्मियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर सफाई कार्य ठप कर दिया जाएगा. इससे पर्व-त्योहार के दौरान नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जतायी गयी.
ईओ ने सफाई कर्मियों से की वार्ता
धरने की सूचना मिलने पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रोशन कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने सफाई कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. ईओ ने कहा कि धरना देने से पहले नगर पंचायत कार्यालय को इसकी सूचना दी जानी चाहिए थी, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं करने की अपील
मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने भी बिना पूर्व सूचना धरना देने पर आपत्ति जतायी. वार्ड पार्षद नीरज कुमार ने कहा कि महावीरी अखाड़ा जुलूस और आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए नगर की सफाई व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है. उन्होंने सफाई कर्मियों के लिए सामूहिक जीवन बीमा और ड्रेस कोड लागू करने की बात भी कही.
वार्ता के बाद धरना समाप्त
ईओ और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बातचीत के बाद सफाई कर्मियों ने धरना समाप्त कर दिया. इसके बाद कर्मियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया. कर्मियों ने मजदूरी बढ़ाने समेत अपनी अन्य मांगों के समाधान की उम्मीद जतायी.
