गोपालगंज: हथुआ बस स्टैंड का सुलभ शौचालय बना शोपीस, पानी नहीं मिलने से बाहर जाने को मजबूर लोग

हथुआ नगर पंचायत बनने के तीन साल बाद भी बस स्टैंड का सार्वजनिक शौचालय पानी की कमी के कारण बेकार पड़ा है. लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद, लोगों को मूलभूत सुविधा नहीं मिल पा रही है.

Gopalganj News : हथुआ नगर पंचायत के गठन को करीब तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन नगर क्षेत्र में कई बुनियादी सुविधाओं की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है. नगर पंचायत बनने के बाद लोगों को विकास कार्यों में तेजी और बेहतर सुविधाओं की उम्मीद थी, लेकिन सार्वजनिक सुविधाओं के मामले में लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है. हथुआ बाजार में आने वाले लोगों के लिए सार्वजनिक शौचालय की सुविधा भी अब तक सुचारु नहीं हो सकी है.

बस स्टैंड का शौचालय पानी के अभाव में बेकार

नगर पंचायत की ओर से हथुआ बस स्टैंड पर सुलभ शौचालय का निर्माण कराया गया था. लोगों को उम्मीद थी कि इससे बाजार और बस स्टैंड आने वाले राहगीरों को काफी सुविधा मिलेगी, लेकिन पानी की नियमित व्यवस्था नहीं होने के कारण इसका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार शौचालय में पानी पहुंचाने के लिए मोटर लगायी गयी है, लेकिन इसे अब तक नियमित रूप से चालू नहीं किया गया है. परिसर में लगा चापाकल भी महीनों से खराब पड़ा है. पानी की सुविधा नहीं होने के कारण शौचालय धीरे-धीरे उपयोगहीन होता जा रहा है.

दूर-दराज से आने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी

हथुआ बाजार और बस स्टैंड में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आसपास के गांवों से खरीदारी और अन्य कामों के लिए पहुंचते हैं. इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और दूर-दराज से आने वाले यात्री भी शामिल होते हैं. सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण सबसे अधिक परेशानी इन्हीं लोगों को उठानी पड़ रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर लोगों को शौचालय के लिए आसपास के दूसरे स्थानों का सहारा लेना पड़ता है. महिलाओं के लिए यह समस्या और अधिक परेशानी वाली है.

लाखों खर्च के बाद भी सुविधा नहीं

स्थानीय लोगों के अनुसार लाखों रुपये खर्च कर तैयार कराया गया शौचालय फिलहाल उपयोगी सुविधा देने के बजाय शोपीस बनकर रह गया है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक शौचालय का निर्माण तभी सार्थक होगा, जब उसमें पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध हों.

लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से शौचालय में पानी की स्थायी व्यवस्था कराने, खराब चापाकल को ठीक कराने और मोटर को नियमित रूप से चालू कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधा को जल्द चालू कराने से बाजार और बस स्टैंड आने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी.

फोटो नं 24- महीनों से खराब पड़ा चापाकल | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >