गोपालगंज में नहर से मिला एक सप्ताह से लापता युवक का शव, पत्नी ने लगाया साजिश का आरोप

गोपालगंज के हथुआ थाना क्षेत्र में शनिवार को नहर से एक युवक का शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान एक सप्ताह से लापता सुमित कुमार सिंह के रूप में हुई है. उसकी पत्नी ने साजिश के तहत अपहरण का आरोप लगाया है.

Gopalganj News: हथुआ थाना क्षेत्र के स्माइल गंडक हथुआ शाखा नहर के केवाड़ा के समीप शनिवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव मिलने की सूचना पर हथुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया. मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के परसौनी खास गांव निवासी हरकेश सिंह के पुत्र सुमित कुमार सिंह उर्फ संतु सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

एक सप्ताह से लापता था सुमित

बताया जाता है कि सुमित कुमार सिंह करीब एक सप्ताह से लापता था. उसकी पत्नी प्रीति कुमारी ने गोपालपुर थाने में आवेदन देकर पति को साजिश के तहत घर से बुलाकर लापता करने का आरोप लगाया था. आवेदन में बताया गया था कि 14 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे गांव के प्रद्युम्न सिंह सुमित को घर से बुलाकर अमरजीत साह के साथ बाइक से ले गये थे.

अमरजीत के मोबाइल से पत्नी को किया था फोन

बताया गया कि दोपहर करीब 11:46 बजे अमरजीत साह के मोबाइल से सुमित ने पत्नी को फोन किया था. फोन पर उसने शाम तक घर लौटने की बात कही थी. इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और सुमित का कोई पता नहीं चला. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली.

पूछताछ में अमरजीत ने बतायी थी नहर में गिरने की बात

परिजनों द्वारा अमरजीत साह से पूछताछ करने पर उसने बताया था कि वह और सुमित उत्तर प्रदेश जा रहे थे. धर्मपुर पुल के पास बाइक अनियंत्रित होकर नहर के केवाड़ा के समीप गिर गयी थी. इसके बाद दोनों पानी में चले गये. अमरजीत ने अपनी जान बचाने की बात कही थी. घटना के बाद से सुमित का कोई सुराग नहीं मिल पाया था.

नहर से शव मिलने के बाद बढ़ी पुलिस की सक्रियता

शनिवार को केवाड़ा के समीप नहर में युवक का शव मिलने की सूचना के बाद हथुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया. पहचान की प्रक्रिया के बाद शव सुमित कुमार सिंह उर्फ संतु सिंह का होने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक की मौत पानी में डूबने के कारण होने की आशंका है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. सुमित के लापता होने से लेकर नहर में शव मिलने तक की पूरी घटना के सभी बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष राज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >