Gopalganj News : 28 सितंबर को होने वाले महावीरी अखाड़ा जुलूस को लेकर शनिवार की शाम गांधी सेवा आश्रम में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता हथुआ थानाध्यक्ष शोएब आलम ने की. इसमें जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सौहार्द कायम रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा की गयी.
विभिन्न गांवों से पहुंचेंगे अखाड़ा जुलूस
बैठक में बताया गया कि हथुआ क्षेत्र के विभिन्न गांवों से दर्जनों अखाड़ा जुलूस पहुंचते हैं. प्रशासन की ओर से सभी अखाड़ा समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों से निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का पालन करने की अपील की गयी. एसडीओ संतोष कुमार ने कहा कि जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में अखाड़ा समितियों की भूमिका महत्वपूर्ण है.
अफवाह और भ्रामक पोस्ट से बचने की अपील
प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक जानकारी साझा करने से बचने को कहा गया. किसी भी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने का निर्देश दिया गया.
प्रमुख पदाधिकारी और समिति सदस्य रहे मौजूद
बैठक में हथुआ एसडीओ संतोष कुमार, एसडीपीओ राजकुमार साह, हथुआ नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रोशन कुमार समेत विभिन्न अखाड़ा समितियों के अध्यक्ष और सदस्य मौजूद रहे.
