Gopalganj News : गोपालगंज. जिले के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक एवं मध्य विद्यालयों में कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों का अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन आयोजित किया जाएगा. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने परीक्षा को लेकर विस्तृत कार्यक्रम और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दी है. कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों को वीक्षक के रूप में तैनात किया जाएगा.
कक्षा 1-2 का मौखिक, 3-8 की होगी लिखित परीक्षा
निर्देश के अनुसार कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों का मूल्यांकन मौखिक रूप से होगा. वहीं, कक्षा तीन से आठवीं तक के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा ली जाएगी. परीक्षा के प्रश्नपत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से विद्यालयों को उपलब्ध कराये जाएंगे.
अलग-अलग विषयों की होगी परीक्षा
निर्धारित कार्यक्रम के तहत विभिन्न कक्षाओं के लिए हिंदी, उर्दू, बांग्ला, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, पर्यावरण अध्ययन, सामाजिक विज्ञान और संस्कृत समेत अन्य विषयों का मूल्यांकन होगा. इसके साथ ही सह-शैक्षिक गतिविधियों का भी आकलन और ग्रेडिंग की जाएगी. मकतब और उर्दू विद्यालयों में निर्धारित विषयों के अनुसार परीक्षा आयोजित होगी.
दूसरे स्कूलों के शिक्षक करेंगे वीक्षण
कदाचार रोकने के लिए प्रखंड स्तर पर एक विद्यालय के शिक्षकों को दूसरे विद्यालय में वीक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किया जाएगा. प्रत्येक विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक केंद्राधीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे. वीक्षण के लिए शिक्षकों की सूची निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयार करने का निर्देश दिया गया है.
पांच दिनों तक जांची जाएंगी उत्तरपुस्तिकाएं
कक्षा तीन से आठवीं तक की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन निकटस्थ स्कूल कॉम्प्लेक्स या संकुल स्तर पर किया जाएगा. जांच पूरी होने के बाद विद्यार्थियों के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा. कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए आगे की शैक्षणिक रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया है.
पीटीएम में अभिभावकों को मिलेगी प्रगति रिपोर्ट
मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) आयोजित होगी. इसमें विद्यार्थियों की प्रगति रिपोर्ट अभिभावकों के साथ साझा की जाएगी. सी, डी और ई ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए उनकी जरूरत के अनुसार आगे की शैक्षणिक रणनीति तय की जाएगी.
परीक्षा के साथ जारी रहेगी पढ़ाई और एमडीएम
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मूल्यांकन अवधि के दौरान विद्यालयों में मध्याह्न भोजन निर्धारित समय पर मिलता रहेगा. सामान्य शैक्षणिक गतिविधियां भी जारी रहेंगी. मूल्यांकन की निगरानी के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष संचालित किया जाएगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की समस्या होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.
