Gopalganj NIA Raid: (संजय अभय) साइबर फ्रॉड से जुड़े संभावित मामले की जांच के सिलसिले में गुजरात से आयी एनआइए की टीम ने सोमवार को गोपालगंज में छापेमारी की. नगर थाना क्षेत्र के थावे रोड स्थित तुरकाहां गांव में टीम ने नजमुल होदा उर्फ लाल बाबू के आवास पर करीब सात घंटे तक तलाशी ली. इस दौरान टीम ने घर से छह लैपटॉप और दो मोबाइल फोन जब्त किये. टीम मोहम्मद कैफ की तलाश में पहुंची थी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला. एनआइए की ओर से कैफ के नाम अहमदाबाद में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का नोटिस दिया गया है.
एनआइए की कार्रवाई के बाद इलाके में पूरे दिन हलचल बनी रही. हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से अभी तक मामले की प्रकृति, साइबर फ्रॉड में कथित भूमिका या जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से संबंधित कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गयी है.
सुबह छह बजे पहुंची टीम, दोपहर एक बजे तक चली तलाशी
जानकारी के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद से आयी एनआइए की टीम सोमवार की सुबह करीब छह बजे तुरकाहां गांव पहुंची. टीम ने नजमुल होदा उर्फ लाल बाबू के आवास को जांच के दायरे में लेते हुए घर की तलाशी शुरू की. करीब सात घंटे तक चली कार्रवाई दोपहर लगभग एक बजे समाप्त हुई.
इस दौरान टीम के अधिकारियों ने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की. तलाशी के बाद टीम छह लैपटॉप और दो मोबाइल फोन अपने साथ ले गयी.
कैफ की तलाश में पहुंची थी टीम, घर पर नहीं मिला
सूत्रों के अनुसार, जांच टीम मोहम्मद कैफ की तलाश में पहुंची थी. हालांकि छापेमारी के दौरान कैफ घर पर मौजूद नहीं था. इसके बाद एनआइए की ओर से उसके नाम नोटिस जारी किया गया. नोटिस के माध्यम से उसे अहमदाबाद में जांच एजेंसी के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है.
एनआइए की टीम ने कार्रवाई के दौरान मीडिया से दूरी बनाये रखी और किसी तरह की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की.
नगर थाना पहुंचकर स्थानीय पुलिस से ली जानकारी
आवास पर तलाशी के बाद एनआइए की टीम नगर थाना पहुंची. यहां टीम ने मोहम्मद कैफ से संबंधित पुलिस रिकॉर्ड और उपलब्ध जानकारी की जांच की. इस दौरान नगर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार प्रभाकर से भी टीम के अधिकारियों ने जानकारी ली.
एनआइए की टीम के थाना पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों में भी कार्रवाई को लेकर चर्चा होती रही. टीम आवश्यक जानकारी लेने के बाद जब्त किये गये मोबाइल और लैपटॉप के साथ वापस लौट गयी.
स्थानीय पुलिस भी नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी
एनआइए की कार्रवाई के बाद स्थानीय पुलिस भी मोहम्मद कैफ से जुड़े संभावित नेटवर्क और उसके स्थानीय संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है. पुलिस स्तर से उपलब्ध रिकॉर्ड और अन्य सूचनाओं की जांच की जा रही है.
हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि साइबर फ्रॉड के मामले में कैफ की भूमिका क्या है और जब्त किये गये इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जांच में क्या जानकारी सामने आयी है. एनआइए की ओर से आधिकारिक रूप से इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गयी है.
छापेमारी को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
एनआइए की टीम की कार्रवाई के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयीं. लेकिन जांच एजेंसी की ओर से छापेमारी के कारण और केस से संबंधित ठोस जानकारी साझा नहीं किये जाने के कारण किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
पुलिस कप्तान विनय तिवारी ने एनआइए की छापेमारी की पुष्टि करते हुए कहा कि एनआइए की टीम ने कार्रवाई की है, लेकिन उनकी तरफ से कार्रवाई से संबंधित ठोस जानकारी नहीं दी गयी है.
सात घंटे की कार्रवाई से इलाके में मचा हड़कंप
सोमवार की सुबह अचानक एनआइए की टीम के पहुंचने के बाद थावे रोड और तुरकाहां गांव में हलचल बढ़ गयी. टीम ने लंबे समय तक घर की तलाशी ली. कार्रवाई के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गयी. बाद में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर टीम नगर थाना पहुंची और स्थानीय पुलिस से जानकारी लेने के बाद लौट गयी.
अब जांच में जब्त छह लैपटॉप और दो मोबाइल से क्या जानकारी सामने आती है और मोहम्मद कैफ से पूछताछ के बाद मामले में क्या नया तथ्य सामने आता है, इस पर निगाह बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
