सरकारी पोखर पर अतिक्रमण से पहली बारिश में डूबी सड़क, ग्रामीणों ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

Gopalganj News : गोपालगंज के कोटवां खास गांव में सरकारी पोखर पर अतिक्रमण और जलनिकासी व्यवस्था बिगड़ने से पहली ही बारिश में मुख्य सड़क पर घुटने भर गंदा पानी जमा हो गया है. ग्रामीणों को संक्रमण और बीमारियों का डर सता रहा है.

Gopalganj News : कटेया प्रखंड की रुद्रपुर पंचायत अंतर्गत कोटवां खास (कौलरही) गांव में सरकारी पोखर पर कथित अतिक्रमण और जलनिकासी व्यवस्था बाधित होने के कारण पहली ही बारिश में गांव की मुख्य सड़क पर घुटने भर गंदा पानी जमा हो गया है. सड़क पर जलजमाव होने से ग्रामीणों और राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है. गंदे पानी से होकर रोजाना गुजरने को मजबूर लोगों में संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है.

पहले पोखर में जमा होता था बरसाती पानी

गांव निवासी देवता पाठक ने बताया कि पहले गांव का बरसाती पानी सरकारी पोखर में एकत्र होता था, जिससे सड़क पर जलजमाव की समस्या नहीं होती थी. बाद में ग्रामीण उसी पानी का उपयोग खेतों की सिंचाई के लिए कर लेते थे. लेकिन अब कुछ लोगों द्वारा सरकारी पोखर पर कथित अतिक्रमण कर लेने और उसमें शौचालयों तथा घरों के नालों का गंदा पानी छोड़े जाने के कारण पोखर बरसात शुरू होने से पहले ही भर गया. पहली बारिश होते ही पोखर का पानी बाहर निकलकर सड़क पर फैल गया और पूरी सड़क जलमग्न हो गई.

गंदे पानी से बढ़ा संक्रमण का खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जमा गंदे पानी से होकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं सहित सभी लोगों को गुजरना पड़ रहा है. कई लोगों के पैरों में संक्रमण और खुजली की शिकायत भी होने लगी है. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो गांव में संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं.

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी पोखर से अतिक्रमण हटाने तथा शौचालयों और घरों के गंदे नालों का पानी उसमें जाने से रोकने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को लिखित आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इससे लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है.

स्थायी समाधान की मांग, आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने प्रशासन से सरकारी पोखर को अतिक्रमण मुक्त कराने, गंदे नालों का पानी उसमें जाने से रोकने तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.

Also Read : गोपालगंज के निर्देशक कमलेश मिश्र की फिल्म 'काकोरी' को मिलेगा 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Arvind choubey

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >