गोपालगंज: गोपालपुर थाना क्षेत्र के सोनाउहला स्कूल के समीप गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घायलों में गोपालपुर थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी स्वर्गीय मुद्रिका राम के 25 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार और उनका सात वर्षीय भगिना अंश कुमार शामिल हैं. वहीं दूसरी बाइक पर सवार शकीरा टोला, गुलौरा निवासी रफी आलम के पुत्र परवेज आलम भी घायल हुए हैं.
भगिना को स्कूल छोड़ने जा रहे थे अरविंद
बताया जाता है कि अरविंद कुमार अपने सात वर्षीय भगिना अंश कुमार को बाइक से स्कूल छोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान सोनाउहला स्कूल के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई.
दूसरी बाइक पर सवार परवेज आलम किसी काम से दुबे खरेया बाजार जा रहे थे. इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनका इलाज शुरू किया.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
