Gopalganj Woman Murder Case:(मनीष राज) गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बनरवा गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटकाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद
मृतका की पहचान बनरवा गांव निवासी सुभाष यादव की 35 वर्षीय पत्नी अंजू देवी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, परिवार में खाना बनाने को लेकर अक्सर विवाद होता था. गुरुवार रात भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई. मायके पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान अंजू देवी के साथ मारपीट की गई और गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई. आरोप है कि इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के उद्देश्य से शव को पंखे से लटका दिया गया.
घटना के बाद घर छोड़कर फरार हुए आरोपी
घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए. शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी. सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और पुलिस को हत्या की सूचना दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद को मिला पहला निजी विश्वविद्यालय, उच्च शिक्षा का बनेगा नया केंद्र
