जून में गोपालगंज पुलिस का बड़ा अभियान, 801 अभियुक्त गिरफ्तार, 17 हजार लीटर से अधिक शराब बरामद

Gopalganj News : गोपालगंज पुलिस ने जून 2026 में एक विशेष अभियान चलाकर 801 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान 17 हजार लीटर से अधिक शराब भी जब्त की गई है. पुलिस ने हत्या, लूट और पॉक्सो जैसे गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई की है.

Gopalganj News : गोपालगंज जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 1 से 30 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पूरे महीने के दौरान कुल 801 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 511 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया.

हत्या, हत्या के प्रयास और पॉक्सो मामलों में हुई कार्रवाई

पुलिस अभियान के दौरान हत्या के 8 मामलों, हत्या के प्रयास के 115 मामलों, लूट के एक मामले तथा पॉक्सो और दुष्कर्म के तीन-तीन मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी.

शराब माफियाओं पर कसा शिकंजा

विशेष अभियान के दौरान शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया. पुलिस ने शराब से जुड़े मामलों में कुल 302 लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें 137 शराब तस्कर और 165 शराब का सेवन करने वाले शामिल हैं. अभियान के दौरान 17,240 लीटर से अधिक देशी और विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे पुलिस ने बड़ी उपलब्धि बताया है.

वारंट निष्पादन में भी दिखी तेजी

गोपालगंज पुलिस ने लंबित वारंटों के निष्पादन में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की. जून माह में कुल 2,801 वारंटों का निष्पादन किया गया. इनमें 1,370 गैर-जमानती और 1,431 जमानती वारंट शामिल हैं. इसके अलावा 122 ट्रायल वारंटियों सहित अन्य मामलों में भी गिरफ्तारी की गई.

कई बड़े मामलों का हुआ खुलासा

पुलिस ने अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों का सफल उद्भेदन किया. उचकागांव थाना क्षेत्र में एक कार्रवाई के दौरान 8,289 लीटर से अधिक शराब बरामद की गई. वहीं विशंभरपुर थाना क्षेत्र में हत्या कांड का खुलासा किया गया. महम्मदपुर थाना क्षेत्र में ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ, जबकि कई थानों में हत्या के प्रयास के मामलों में आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की गई.

साइबर थाना और ऑपरेशन मुस्कान में भी सफलता

साइबर थाना ने उल्लेखनीय कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के 61.38 लाख रुपये होल्ड कराए. साथ ही पीड़ितों को उनकी राशि वापस दिलाने में भी सफलता प्राप्त की. वहीं ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने 611 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें संबंधित लोगों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू की.

आगे भी जारी रहेगा सघन अभियान

पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण, शराबबंदी कानून का प्रभावी पालन और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इसी तरह सघन अभियान लगातार चलाया जाएगा.

Also Read : 7 घंटे बोरवेल में फंसा रहा पीयूष, एक आंसू भी नहीं बहाया, हाथ से नहीं छोड़ा मोबाइल, हिम्मत ने जीत लिया सबका दिल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish Raj

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >