Gopalganj News : ट्रक और कार में भिड़ंत, जहानाबाद के चालक और बच्चे की मौत, तीन घायल

Gopalganj News : गोपालगंज के बैकुंठपुर थाने के दिघवा दुबौली के पास शनिवार की रात दर्दनाक हादसा हुआ. ट्रक और कार की टक्कर में कार सवार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गयी, वहीं मृत बच्चे की दादी, मां और मौसी तीनों घायल हो गये.

बैकुंठपुर. गोपालगंज के बैकुंठपुर थाने के दिघवा दुबौली के पास शनिवार की रात दर्दनाक हादसा हुआ. ट्रक और कार की टक्कर में कार सवार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गयी, वहीं मृत बच्चे की दादी, मां और मौसी तीनों घायल हो गये.

घायलों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है. मृतकों की पहचान जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र के शर्मा गांव निवासी नंदकिशोर शर्मा उर्फ सोनू शर्मा (35 वर्ष) और जहानाबाद के सकाेराबाद थाना क्षेत्र के नवगढ़ गांव निवासी गौरव राज के पुत्र चेतन नारायण (13 माह) के रूप में की गयी है. वहीं, घायलों में गया जिले के टेकारी थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी अनुरुद्ध शर्मा की पत्नी मंजू देवी (50 वर्ष), आकांक्षा कुमारी (20 वर्ष) और गौरव राज की पत्नी कोमल कुमार (25 वर्ष) शामिल हैं. तीनों को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है.

कार में सवार सभी लोग थे एक ही परिवार के

परिजनों के अनुसार सभी एक ही परिवार के हैं और दिल्ली में एम्स में भर्ती अनुरुद्ध शर्मा से मिलकर पडरौना बस से आये हुए थे. पडरौना से नंदकिशोर शर्मा उर्फ सोनू शर्मा अपनी कार में सास, दो साली और एक मासूम बच्चे को बिठाकर गया जिले के निकले हुए थे. रास्ते में दिघवा-दुबौली के पास सड़क पर खड़ी कार में जोरदार टक्कर हो गयी.

कार के उड़ गये थे परखचे

हादसा इतना दर्दनाक था कि कार के परखचे उड़ गये. कार में सवार बच्चे की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि ड्राइवर नंदकिशोर शर्मा उर्फ सोनू शर्मा ने सदर अस्पताल में आते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया. हादसा की वजह क्या रही, पुलिस इसकी जांच में जुटी है. उधर, हादसे की खबर पाकर यूपी के पडरौना थाने में कार्यरत गौरव राज अस्पताल में पहुंचे और सभी घायलों को अपने साथ एंबुलेंस से गोरखपुर लेकर गये. गौरव ने बताया कि मृतकों में उनका बेटा और साढ़ू शामिल हैं, जबकि उनकी पत्नी, साली व सास घायल हैं.

बहन की शादी में शामिल होना था, मौत से कोहराम

परिजनों ने बताया कि कार चला रहे जहानाबाद के नंदकिशोर शर्मा उर्फ सोनू शर्मा को सोमवार को ममेरी बहन की शादी में शामिल होना था. रविवार को गया में ससुराल पहुंचकर साली व सास को छाेड़ देना था और वहां से जहानाबाद के लिए निकल जाना था, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था. हादसे में नंदकिशोर शर्मा की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

अवैध पार्किंग की वजह से हादसा, ट्रकचालक फरार

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर ट्रकों की अवैध पार्किंग हादसे की मुख्य वजह रही. उनका कहना है कि ट्रक बीच सड़क पर खड़ा था, जिससे कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और टक्कर हो गयी. ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है. वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना की गहन जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GURUDUTT NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >