गोपालगंज में पुलिस का बड़ा एक्शन, 40 लाख की विदेशी शराब के साथ ट्रक और लग्जरी कार जब्त

Gopalganj News: गोपालगंज की महम्मदपुर थाना पुलिस ने गोरौली गांव के पास छापेमारी कर एक ट्रक से 2950 लीटर विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 40 से 45 लाख रुपये आंकी जा रही है. मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि भठवां मोड़ से एक शराब लदी लग्जरी कार भी जब्त की गई है. सिधवलिया के सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.

Gopalganj News(मनीष राज): जिले में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नेटवर्क को ध्वस्त किया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महम्मदपुर थाना क्षेत्र से करीब 40 से 45 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई है. इस कार्रवाई के बाद से इलाके के तस्करों में हड़कंप मच गया है.

कब्रिस्तान के पास खड़े संदिग्ध ट्रक से खुली पोल

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महम्मदपुर थाना क्षेत्र के गोरौली गांव स्थित कब्रिस्तान के पास एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है, जिसमें शराब की बड़ी खेप लाई गई है. सूचना मिलते ही महम्मदपुर थानाध्यक्ष टिंकू कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने मौके पर छापेमारी की.  जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए. ट्रक के भीतर से सैकड़ों कार्टन में पैक कुल 2950 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. पुलिस ने तुरंत ट्रक को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया.

भठवां मोड़ पर लग्जरी कार से भी शराब बरामद

ट्रक पर कार्रवाई के तुरंत बाद पुलिस ने अपनी चौकसी और बढ़ा दी. इसी क्रम में पुलिस टीम ने भठवां मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान एक तेज रफ्तार लग्जरी कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें से भी भारी मात्रा में शराब बरामद हुई. पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है और कार मालिक व चालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है पुलिस: एसडीपीओ

सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि शराब की यह एक बड़ी खेप थी, जिसे खपाने की तैयारी थी. इस मामले में पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स (शराब कहाँ से आई और किसे सप्लाई होनी थी) की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस पूरे तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके.  गिरफ्तार चालक से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

गोपालगंज पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में शराब माफिया और तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

Read More: गोपालगंज में फायरिंग करने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार, देशी पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >