Gopalganj News (विकास दुबे) : जिले की इंटर वार्षिक परीक्षा पास हजारों छात्राओं में खुशी की लहर है. बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत मुख्यमंत्री बालिका (इंटरमीडिएट उत्तीर्ण) प्रोत्साहन राशि योजना की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस योजना के तहत वर्ष 2026 में इंटरमीडिएट परीक्षा पास करने वाली सभी कोटि की अविवाहित छात्राओं को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी. यह राशि सीधे लाभुक छात्राओं के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जायेगी. शिक्षा विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 मई सोमवार से शुरू कर दी जाएगी.शिक्षा विभाग का कहना है कि छात्राओं को आवेदन के लिए कहीं भटकने की जरूरत नहीं है. शिक्षा विभाग के एनआइसी द्वारा विकसित मेधासॉफ्ट पोर्टल पर बिहार सरकार से मान्यता प्राप्त बोर्डों की इंटर परीक्षा 2026 पास छात्राओं का जिलावार और संस्थानवार विवरण पहले से डाटा अपलोड कर दिया गया है. छात्राओं को केवल पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी जानकारी की जांच करनी होगी और आवश्यक सूचनाएं भरनी होंगी.
आवेदन के दौरान भरनी होगी ये जरूरी जानकारी
बताया गया है कि ऑनलाइन आवेदन करते समय आवेदिका छात्राओं को अपना बैंक खाता संख्या, बैंक शाखा का नाम, आइएफएससी कोड, आधार कार्ड संख्या तथा अन्य जरूरी जानकारी सही सही दर्ज करनी होगी. इसके साथ ही अविवाहित होने का प्रमाण पत्र भी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा. आवेदन के लिए छात्राओं को इंटर परीक्षा का रजिस्ट्रेशन नंबर तथा जन्मतिथि या कुल प्राप्तांक की आवश्यकता पड़ेगी. जिसे अपलोड करना होगा. निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि आवेदक करने वाली छात्रा का बैंक खाता उसके अपने नाम से होना चाहिए और वह बैंक खाता आधार से लिंक रहना जरूरी है. बैंक खाता राष्ट्रीयकृत बैंक, मान्यता प्राप्त निजी बैंक या इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की बिहार स्थित शाखा में संचालित होना चाहिए. गलत बैंक खाता या गलत जानकारी दर्ज होने पर प्रोत्साहन राशि भेजने में दिक्कत हो सकती है.
साइबर कैफे से आवेदन करते समय बरतें सावधानी
शिक्षा विभाग ने छात्राओं और अभिभावकों को आवेदन प्रक्रिया के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग ने कहा है कि छात्राएं आवेदन में अपनी ही मोबाइल संख्या और इ-मेल आइडी दर्ज करें. कई बार साइबर कैफे संचालक जल्दबाजी में अपने मोबाइल नंबर और इ-मेल आइडी से आवेदन कर देते हैं. इससे आवेदन से जुड़ा ओटीपी, सुधार संबंधी सूचना, भुगतान अपडेट और अन्य जरूरी जानकारी छात्राओं तक नहीं पहुंच पाती है. ऐसी स्थिति में बाद में आवेदन में सुधार कराने या जानकारी अपडेट कराने में छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. कभी कभी देखा जाता है कि इस जानकारी के लिए छात्राओं को महीनों तक साइबर कैफे संचालकों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. इसे देखते हुए निर्देश दिया गया है कि छात्राओं को खुद अपने मोबाइल से आवेदन करने या आवेदन करते समय पूरी जानकारी जांच लेने की सलाह दी जाती है.
ओटीपी और बैंक जानकारी किसी को न करें साझा
निर्देश में बताया गया है कि छात्राओं और अभिभावकों से साइबर ठगी से सतर्क रहने की भी अपील की गई है कहा गया है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक खाता संख्या, आधार संख्या या अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करें. फर्जी कॉल या लिंक से सावधान रहें. आवेदन केवल अधिकृत मेधासॉफ्ट पोर्टल पर ही करें. किसी दूसरे पोर्टल या वेबसाइट पर आवेदन करने से बचें. शिक्षा विभाग ने बताया है कि छात्राएं अपने मोबाइल, लैपटॉप या घरेलू कंप्यूटर के माध्यम से भी आवेदन कर सकते है. छात्राएं आवेदन करने व विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट मेधासॉफ्ट पोर्टल medhasoft.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं.
Also Read : Saran News : AIIMS की प्रतिष्ठित परीक्षा में मढ़ौरा की बेटी का जलवा
