Gopalganj News: (प्रशांत पाठक) मीरगंज थाना क्षेत्र के लाइन बाजार मोहल्ले से 18 वर्षीय युवती बीते तीन दिनों से लापता है. युवती के अचानक गायब होने के बाद परिवार में मातम जैसा माहौल है. परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है. घटना के बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए मीरगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई है.
घर से निकली, फिर वापस नहीं लौटी
बताया जा रहा है कि लाइन बाजार मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय रजिया खातून तीन दिन पहले घर से निकली थी. देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई.
परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिलने पर मीरगंज थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की.
परिजनों को सता रही अनहोनी की आशंका
घटना के बाद रजिया खातून की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार का कहना है कि रजिया बिना बताए कभी कहीं नहीं जाती थी. ऐसे में उन्हें किसी अनहोनी या अपहरण की आशंका सता रही है. स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है .
मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मीरगंज थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस युवती के मोबाइल लोकेशन, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और संभावित ठिकानों की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही युवती को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
Also Read : Hajipur News : खेत से लौट रहे किसान को बाइक ने रौंदा, मौके पर मचा हड़कंप
