Gopalganj News: (सुरेश कुमार राय) गोपालगंज जिले के भोरे के प्रसिद्ध लखरांव शिव मंदिर परिसर में देखौकी (लड़का/लड़की देखने का कार्यक्रम) के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिससे मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. इस घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया.
हुस्सेपुर बाजार में कपड़ा खरीदने के दौरान बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, फुलवरिया प्रखंड के कोयलादेवा बाजार से कुछ लोग अपने रिश्तेदार की देखौकी के लिए लखरांव शिव मंदिर आए थे. इसी बीच रामनगर रखईबारी गांव की कुछ महिलाएं भी वहां पहुंच गईं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी हुई, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया.
क्या कहती हैं पीड़िता
पीड़िता शीला देवी ने बताया कि उनकी शादी कुछ वर्ष पूर्व रामनगर रखईबारी निवासी जीउर साह से हुई थी. आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल वालों ने पहले भी उनके साथ मारपीट की थी और घर से निकाल दिया था. शीला देवी अपने भाई की देखौकी के लिए मंदिर आई थीं. कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वे लोग हुस्सेपुर बाजार में कपड़ा खरीदने गए, तभी उनकी सास, ननद और अन्य परिजनों ने उन पर हमला कर दिया.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पीड़िता का आरोप है कि बीच-बचाव करने आए उनके रिश्तेदारों और देखौकी में शामिल अन्य लोगों के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की. इस पूरी घटना का वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
Also Read : Hajipur News : खेत से लौट रहे किसान को बाइक ने रौंदा, मौके पर मचा हड़कंप
