सड़क पर मिला कीमती आभूषणों से भरा पर्स, युवक की ईमानदारी ने जीता लोगों का दिल

Gopalganj News: गोपालगंज के सिधवलिया थाना क्षेत्र में सड़क पर मिला आभूषणों से भरा लेडीज पर्स पुलिस ने जांच के बाद उसकी वास्तविक स्वामिनी मीरा कुमारी को सौंप दिया. दो स्थानीय युवकों की ईमानदारी की हो रही सराहना.

Gopalganj News: (मनीष राज) गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र से ईमानदारी और त्वरित पुलिस कार्रवाई की एक सराहनीय मिसाल सामने आई है. सड़क पर गिरा हुआ आभूषणों से भरा एक लेडीज पर्स उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया गया. इस घटना की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है.

सड़क किनारे मिला था पर्स

जानकारी के अनुसार, बीते दिन सिधवलिया थाना क्षेत्र के दो स्थानीय युवक साबिर और टुन्ना साह को सड़क किनारे एक लेडीज पर्स पड़ा मिला. पर्स खोलकर देखने पर उसमें सोने-चांदी के कीमती आभूषणों के साथ अन्य जरूरी सामान भी मौजूद था. दोनों युवकों ने ईमानदारी का परिचय देते हुए पर्स को अपने पास रखने के बजाय तत्काल सिधवलिया थाना में जमा करा दिया.

पुलिस ने शुरू की स्वामी की तलाश

मामले की जानकारी मिलते ही सिधवलिया थाना पुलिस सक्रिय हो गई और पर्स के वास्तविक स्वामी की पहचान करने में जुट गई. पुलिस ने पर्स में मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की तथा सत्यापन प्रक्रिया पूरी की.

मीरा कुमारी को सौंपा गया पर्स

जांच के दौरान पर्स की मालकिन की पहचान मीरा कुमारी, पति राहुल महतो, निवासी ग्राम जोगियार, थाना सिधवलिया, जिला गोपालगंज के रूप में हुई. सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने पर्स में रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान सुरक्षित रूप से मीरा कुमारी को सौंप दिया.

पर्स मिलने पर जताया आभार

अपना खोया हुआ पर्स और कीमती आभूषण वापस मिलने पर मीरा कुमारी ने सिधवलिया थाना पुलिस के साथ-साथ दोनों युवकों साबिर और टुन्ना साह का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि समय पर सहयोग नहीं मिलता तो उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ सकता था.

समाज के लिए बनी प्रेरणा

यह घटना जहां एक ओर समाज में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों की मिसाल पेश करती है, वहीं दूसरी ओर पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण को भी दर्शाती है. स्थानीय लोगों ने भी दोनों युवकों और पुलिस की सराहना की है.

इसे भी पढ़ें: गर्मी से झुलस रहा बिहार, इन जिलों में लोगों का हाल बेहाल, मौसम बदलने की उम्मीद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने ​बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. ​बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. ​जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >