Gopalganj News: (प्रशांत पाठक) गोपालगंज जिले के मीरगंज नगर परिषद क्षेत्र के बाजार रोड स्थित राज स्कूल के समीप शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बिजली आपूर्ति शुरू होते ही अचानक 440 वोल्ट का हाई वोल्टेज तार चिंगारियां छोड़ते हुए सड़क पर गिर पड़ा. राहत की बात यह रही कि मुहर्रम पर्व के कारण उस समय बाजार में भीड़ कम थी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई.
बिजली सप्लाई शुरू होते ही टूटा हाई वोल्टेज तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी. जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद जब दुकानदार अपनी दुकानें खोल रहे थे, उसी समय बिजली विभाग ने मुख्य लाइन की सप्लाई बहाल की. करंट प्रवाहित होते ही राज स्कूल के पास से गुजर रहा 440 वोल्ट का तार तेज चिंगारियों और आग की लपटों के साथ टूटकर सड़क पर गिर गया.
तार गिरते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई. दुकानदार और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
भीड़ कम होने से बच गई कई लोगों की जान
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार रोड मीरगंज का सबसे व्यस्त इलाका है, जहां सामान्य दिनों में बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं. लेकिन मुहर्रम पर्व के कारण अधिकांश दुकानें पूरी तरह नहीं खुली थीं और लोगों की आवाजाही भी कम थी. यदि सामान्य दिनों जैसी भीड़ होती तो करंट की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो सकता था.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा बिजली विभाग
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त तार की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से पुराने और जर्जर तारों की जांच कर समय रहते उन्हें बदलने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद को मिला पहला निजी विश्वविद्यालय, उच्च शिक्षा का बनेगा नया केंद्र
