Gopalganj Muharram News: (मनीष राज ) मोहर्रम के अवसर पर शहर में पारंपरिक तरीके से ताजिया जुलूस निकाला गया. जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और मातमी माहौल में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. विभिन्न मोहल्लों से गुजरते हुए ताजिया जुलूस निर्धारित मार्गों से होकर आगे बढ़ा, जहां लोगों ने श्रद्धा और सम्मान के साथ ताजिया का स्वागत किया.
पूरे जुलूस मार्ग पर सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जबकि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई. सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना न रहे.
ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से रखी गई निगरानी
मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार, सदर इंस्पेक्टर पीके प्रभाकर सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने लगातार जुलूस मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
प्रशासन की ओर से पूरे आयोजन की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी की गई. इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी पुलिस बल को सक्रिय रखा गया.
आपसी सहयोग से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ आयोजन
प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से मोहर्रम का ताजिया जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद को मिला पहला निजी विश्वविद्यालय, उच्च शिक्षा का बनेगा नया केंद्र
