Gopalganj Mango Dispute (मनीष राज की रिपोर्ट): गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहखरा गांव में आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. घटना रविवार की सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है, जब बगीचे में खरीदे गए आम के पेड़ों से फल तोड़े जा रहे थे.
बताया जाता है कि गांव के ही रहने वाली 50 वर्षीय शिला देवी, जो स्वर्गीय बिगु साह की पत्नी हैं, ने अपने परिवार के साथ बगीचे में करीब एक लाख रुपये में 80 आम के पेड़ खरीदे थे. सुबह के समय जब वे बगीचे में पहुंचीं तो देखा कि उसी बगीचे में पेड़ खरीदने वाले कुछ अन्य लोग उनके हिस्से के पेड़ों से आम तोड़ रहे हैं.
हथियारों से हुआ हमला
इसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया. आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया. इस हमले में शिला देवी के बेटे दीपक साह (30), मुकेश साह (28) समेत परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए.
सदर अस्पताल किया रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को मॉडल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
Also Read: गोपालगंज के मानस प्रभु बने ऑल इंडिया टॉपर, NIPER-JEE में हासिल किया पहला स्थान
