Ladpur Chhath Ghat: श्रीपुर थाना क्षेत्र के बथुआ बाजार और लाढ़पुर गांव के बीच स्थित लाढ़पुर छठ घाट के समीप अवैध रूप से संचालित मांस-मछली की दुकानों को प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए हटवा दिया. पवित्र छठ घाट के पास खुलेआम मांस और मछली की बिक्री को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश था.
सोन नदी के किनारे स्थित इस छठ घाट की धार्मिक आस्था और स्वच्छता को लेकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध जताया. ग्रामीणों का कहना था कि घाट के समीप मांस-मछली की दुकानें संचालित होने से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही थीं. साथ ही दुकानों से निकलने वाले कचरे के कारण घाट के आसपास गंदगी भी फैल रही थी.
शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया. श्रीपुर थानाध्यक्ष शिल्पी कुमारी और अपर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घाट के समीप संचालित सभी दुकानों का जायजा लिया और दुकानदारों को तत्काल दुकानें हटाने का निर्देश दिया.
पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में छठ घाट के आसपास दोबारा मांस-मछली की दुकानें नहीं लगायी जाएं. प्रशासन के निर्देश के बाद दुकानदारों ने अपनी दुकानें वहां से हटा लीं.
कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद छठ घाट के आसपास संचालित मांस-मछली की दुकानें हट गयीं. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार जताया.
ग्रामीणों ने कहा कि छठ घाट धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण स्थल है. ऐसे स्थानों की साफ-सफाई और पवित्रता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भी जिम्मेदारी है.
मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा. प्रशासन ने क्षेत्र में किसी भी तरह की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए निगरानी भी जारी रखी.
