गोपालगंज के उचकागांव में डीएम की अध्यक्षता में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक, विकास कार्यों पर चर्चा

गोपालगंज के नवोदय विद्यालय, बलेसरा में विद्यालय प्रबंधन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक डीएम समीर सौरभ की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने, आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर गहन विचार-विमर्श हुआ. डीएम ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना.

school development: उचकागांव प्रखंड के बलेसरा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, गोपालगंज परिसर में विद्यालय प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता गोपालगंज के डीएम समीर सौरभ ने की. बैठक में विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, केंद्रीय विद्यालय के प्रतिनिधि तथा अभिभावक-शिक्षक समिति के सदस्यों समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे. विद्यालय के प्राचार्य सुधाकर शुक्ला के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. बैठक की शुरुआत विद्यालय के शिक्षकों द्वारा अतिथियों और अधिकारियों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुई.

बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों पर चर्चा

बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बिंदुवार चर्चा की गयी. सुरक्षा के दृष्टिकोण से विद्यालय की चारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने तथा आसपास के प्रमुख रास्तों पर स्पीड ब्रेकर बनाने का प्रस्ताव रखा गया. विद्यार्थियों के शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए खेल मैदान के जीर्णोद्धार और सुधार पर भी सहमति बनी.

स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता के लिए आरओ वाटर प्लांट स्थापित करने तथा ऊर्जा संरक्षण के लिए सोलर लाइट लगाने पर जोर दिया गया. विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता के समक्ष परिसर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और लंबित तकनीकी कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग रखी गयी.

विज्ञान ज्योति के तहत विद्यार्थियों से किया संवाद

बैठक के बाद डीएम समीर सौरभ ने ‘विज्ञान ज्योति’ कार्यक्रम के तहत कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया. उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, उपलब्ध सुविधाओं, खेलकूद की स्थिति और व्यक्तिगत आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली.

डीएम ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें. उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया.

पीपीटी के माध्यम से विद्यालय की उपलब्धियों की दी जानकारी

कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र कुमार ने किया. इसके बाद सत्य प्रकाश ने पीपीटी के माध्यम से विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, हालिया गतिविधियों और भावी विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की.

बैठक के अंत में शिक्षक एएन जसवार ने अतिथियों और अधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया. प्राचार्य सुधाकर शुक्ला ने डीएम एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से विद्यालय के विकास को नई दिशा मिलेगी. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का योगदान रहा.

इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रशांत पाठक

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >