Independence Day Quiz: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गोपालगंज नगर परिषद पैक्स के तत्वावधान में शहर के हजियापुर स्थित बापू आदर्श चिल्ड्रेन्स एकेडमी में गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना, सामान्य ज्ञान, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के प्रति रुचि, राष्ट्रीय प्रतीकों की जानकारी और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था.
उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में शामिल हुए विद्यार्थी
क्विज प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और उमंग के साथ हिस्सा लिया. प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय प्रतीकों और देश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी हासिल करने का अवसर मिला.
बच्चों में राष्ट्रप्रेम और आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम : कुंज बिहारी
विद्यालय के निदेशक कुंज बिहारी श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं केवल ज्ञानवर्धन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि उनके भीतर राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम भी हैं.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ ऐसी गतिविधियों से जोड़ने से उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है.
प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना सामूहिक जिम्मेदारी : संदीप कुमार सिंह
पैक्स के प्रबंधक संदीप कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभा को पहचानना और उसे प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. संस्था बच्चों और युवाओं के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रयासरत है.
बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी होंगे पुरस्कृत
प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर परिषद पैक्स की ओर से पुरस्कृत किया जायेगा. पुरस्कार मिलने से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ने के साथ अन्य बच्चों को भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: Bihar Prohibition Success Story: शराब ने छीना सब कुछ, जीविका दीदी की मदद और नशामुक्ति से यूं बदली ललन सिंह की जिंदगी
