गोपालगंज में 12 जुलाई को मद्य निषेध आरक्षी निरीक्षक भर्ती परीक्षा, 4 केंद्रों पर 2976 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Bihar Prohibition Inspector Exam: गोपालगंज में 12 जुलाई को मद्य निषेध आरक्षी निरीक्षक भर्ती परीक्षा चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. इस परीक्षा में 2976 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनके लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. पहचान पत्र के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.

Bihar Prohibition Inspector Exam: बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में आरक्षी निरीक्षक (मद्य निषेध) के पदों पर भर्ती के लिए केंद्रीय चयन पर्षद सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा रविवार 12 जुलाई को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. इस परीक्षा में 2976 अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.

केंद्रों पर दंडाधिकारी तैनात

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों और उसके आसपास की गतिविधियों पर विशेष तकनीकी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जा सके.

एक ही पाली में परीक्षा

जिला प्रशासन ने बताया कि परीक्षा एक ही पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी. अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा. निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी. प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है, क्योंकि प्रवेश से पहले गहन पहचान सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

यातायात व्यवस्था हुई मजबूत

परीक्षा को लेकर जिले के अलावा आसपास के सीमावर्ती जिलों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने शहरी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त किया है. परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ लगाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. वरीय प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा की लाइव मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

पहचान पत्र लाना अनिवार्य

परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए इ-एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र लाना पूरी तरह अनिवार्य किया गया है. पहचान के लिए मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट अथवा अन्य सरकारी पहचान पत्र मान्य होंगे. यदि प्रवेश पत्र पर लगी तस्वीर स्पष्ट नहीं है, तो राजपत्रित पदाधिकारी से सत्यापित फोटो और निर्धारित घोषणा पत्र साथ लाना होगा.

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध

परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर या किसी भी प्रकार के संचार उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी. प्रवेश द्वार पर सभी अभ्यर्थियों की सघन मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी. यदि कोई अभ्यर्थी प्रतिबंधित सामग्री के साथ पकड़ा जाता है, तो उसके विरुद्ध बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

केंद्रवार परीक्षार्थियों की सूची

जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, परीक्षा के लिए बनाए गए चार केंद्रों में परीक्षार्थियों की संख्या इस प्रकार है. एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सर्वाधिक 1080 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. वहीं डीएवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 888 अभ्यर्थी, वीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 504 अभ्यर्थी तथा एमएम उर्दू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तूरकहां में 504 अभ्यर्थी आवंटित किए गए हैं.

Also Read: गोपालगंज में पारिवारिक विवाद से परेशान व्यक्ति ने खाया सल्फास, इलाज के दौरान मौत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vikash Jha

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >