Bank Strike News: पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है. इससे गोपालगंज समेत देशभर में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. ऐसे में 22 और 23 सितंबर को होने वाली समझौता वार्ता में सहमति नहीं बनने पर 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है.
जिला यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स के संयोजक सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्य श्रमायुक्त (केंद्रीय) ने 22 और 23 सितंबर को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए), बैंक प्रबंधन, वित्त मंत्रालय और बैंक यूनियनों के प्रतिनिधियों को समझौता वार्ता के लिए बुलाया है. उन्होंने कहा कि वार्ता में सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल का निर्णय लागू रहेगा.
पांच दिन लगातार ऐसे प्रभावित हो सकता है बैंकिंग कामकाज
- 26 सितंबर: चौथा शनिवार, बैंक शाखाएं बंद रहेंगी
- 27 सितंबर: रविवार, साप्ताहिक अवकाश
- 28 सितंबर: यूएफबीयू की प्रस्तावित हड़ताल
- 29 सितंबर: यूएफबीयू की प्रस्तावित हड़ताल
- 30 सितंबर: यूएफबीयू की प्रस्तावित हड़ताल
इस तरह समझौता नहीं होने और प्रस्तावित हड़ताल लागू रहने की स्थिति में 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं का नियमित कामकाज प्रभावित हो सकता है.
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समेत ये हैं प्रमुख मांगें
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना शामिल है. इसके अलावा प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) का बिना भेदभाव भुगतान, रिक्त पदों पर नियुक्ति और प्रोन्नति, पेंशन अपडेशन तथा पेंशनभोगियों के लिए समान महंगाई भत्ता फार्मूला लागू करने की मांग की जा रही है.
यूनियनों की ओर से एनपीएस के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में बदलाव का विकल्प देने की मांग भी उठायी जा रही है. अब सभी की नजर 22 और 23 सितंबर को होने वाली समझौता वार्ता पर है. वार्ता में सहमति बनने पर प्रस्तावित हड़ताल के फैसले में बदलाव की स्थिति बन सकती है.
