गोपालगंज के उचकागांव में ताला तोड़कर 20 लाख के गहने चोरी, पिता का शव लेकर घर पहुंचे तो खुला राज

गोपालगंज के डोरापुर गांव में चोरों ने एक घर से करीब 20 लाख रुपये के गहने, नकदी और अन्य सामान की चोरी कर ली. यह घटना तब सामने आई जब परिवार पिता का शव लेकर एक सप्ताह बाद गांव लौटा.

Gopalganj News: उचकागांव थाना क्षेत्र के डोरापुर गांव में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के गहने समेत नकदी और अन्य सामान की चोरी कर ली. घटना की जानकारी घर के लोगों को गुरुवार की देर रात घर लौटने पर हुई. घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था. अंदर जाने पर दो कमरों में रखे दीवान पलंग और अलमारी खुले मिले. चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

पिता का इलाज कराने गये थे गोरखपुर

जानकारी के अनुसार, डोरापुर गांव निवासी अभिनव आलोक अपने सेवानिवृत्त शिक्षक पिता योगेंद्र राय के शुगर और किडनी संबंधी बीमारी का इलाज कराने के लिए करीब एक सप्ताह पहले घर में ताला लगाकर गोरखपुर एम्स गये थे. वहां इलाज के दौरान उनके पिता का निधन हो गया. इसके बाद अभिनव आलोक अपनी मां, पत्नी और बच्चों के साथ पिता का शव लेकर गुरुवार की देर रात अपने गांव स्थित घर पहुंचे.

मुख्य गेट का ताला टूटा देख उड़ गये होश

घर पहुंचने पर परिजनों ने मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया. इसके बाद जब वे घर के अंदर गये तो दो कमरों में रखे दीवान पलंग और अलमारी खुले हुए थे. घर का सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई. बताया गया कि दीवान पलंग में उनकी मां ने छिपाकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के गहने रखे थे. इसके अलावा चोर नकदी और इन्वर्टर की बैट्री भी अपने साथ ले गये.

पड़ोसियों ने भी घटना से जतायी अनभिज्ञता

चोरी की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोगों ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की. हालांकि, पड़ोसियों ने घर में चोरी होने की किसी जानकारी से अनभिज्ञता जाहिर की. परिजनों ने बताया कि चोरों ने घटना को अंजाम देने के बाद मौके पर एक पिलास छोड़ दिया है. इसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. प्रशिक्षु दारोगा नीतू कुमारी और जमादार आसिफ रसूल खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की. पुलिस ने घर के सदस्यों से घटना की जानकारी ली और चोरी के संबंध में आवश्यक साक्ष्य जुटाये.

प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित अभिनव आलोक के आवेदन पर उचकागांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. चोरी की घटना को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी में जुटी है.

Also Read: भरत तिवारी पर सबसे पहले गोली चलाने वाला STF जवान अरेस्ट, 24 जुलाई को ही CM सम्राट से मिला था परिवार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले आठ वर्षों से मुख्यधारा की पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी मीडिया से की, जहां बिहार की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख नेताओं और जनप्रतिनिधियों के इंटरव्यू किए. वर्तमान मुख्यमंत्री के उपमुख्यमंत्री रहते हुए उनका इंटरव्यू करने के साथ-साथ उन्होंने कई मंत्रियों के इंटरव्यू और फील्ड रिपोर्टिंग भी की है.

ज्ञान की धरती नालंदा के रहने वाले विवेक रंजन पाण्डेय वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच और विभिन्न स्रोतों से जानकारी का सत्यापन करना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है. बिहार की राजनीति, शिक्षा और छात्र मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा प्रशासन, अपराध, रोजगार, मौसम और स्थानीय मुद्दों पर भी वह लगातार खबरें तैयार करते हैं.

विवेक रंजन पाण्डेय SEO फ्रेंडली डिजिटल खबरें लिखने में भी दक्ष हैं. वह डिजिटल प्लेटफॉर्म की जरूरतों के अनुसार खबरों को तैयार करते हैं और सटीक हेडलाइन, जरूरी कीवर्ड, तथ्यपरक जानकारी तथा पाठकों की रुचि का विशेष ध्यान रखते हैं.

उन्होंने आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी, पटना से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (BJMC) की डिग्री हासिल की है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >